
Weather Forecast: राजस्थान से आ रही गर्म हवा की वजह से आसमान साफ हो गया। बादल छंटने से तेज धूप निकली। इसकी वजह से अधिकतम तापमान में 3.3 डिग्री सेल्सियस का उछाल आने से 41.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पांच दिन बाद पारा 40 डिग्री सेल्सियस (डिसे) के पार पहुंचने पर भीषण गर्मी का अहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छुएगा, जिससे उमस भरी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। 13 जून से प्री मानसून की हलचल शुरू होगी।
दरअसल कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। राजस्थान व उत्तर प्रदेश में चक्रवातीय घेरे बने हुए थे। इन्हें अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से नमी मिल रही थी, जिसकी वजह से एमपी के ग्वालियर में पिछले पांच दिनों से शहर में बारिश का दौर चल रहा था। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज होने से मौसम सुहाना था।
पहले सप्ताह में भीषण गर्मी का सामना नहीं करना पड़ा, लेकिन अब यह सिस्टम कमजोर पड़ चुके हैं। नमी घटने से आसमान साफ हो गया। राजस्थान की गर्म हवा के चलते अचानक मौसम बदल गया। गर्मी ने दिन में बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रात में भी गर्मी रही।
मानसून की गति धीमी पड़ गई है। महाराष्ट्र से आगे नहीं बढ़ा है। दूसरे सप्ताह में भी मानसून आगे नहीं बढ़ेगा, लेकिन तीसरे सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसकी वजह से मानसून आगे बढ़ेगा। पूरे महाराष्ट्र में मानसून छाएगा। साथ ही मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगा। मानसून आगे बढऩे पर तीसरे सप्ताह में प्री मानसून की हलचलों में तेजी आएगी। 13, 14, 15 जून को तेज आंधी व बारिश का दौर चल सकता है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।