Moving Car Caught Fire : हाइवे पर धू-धू कर जली कार। बाल-बाल बचे पन्ना के व्यवसाई। चंद्रनगर के पास चलती गाड़ी में भड़की आग।
जानकारी के मुताबिक, पन्ना के धम्म मोहल्ला निवासी राकेश कुमार शर्मा अपनी कार क्रमांक एमपी 40 सीए 1280 से अपने मित्र बबली को खजुराहो रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। रास्ते में अचानक कार के बोनट से चिंगारियां निकलने लगीं और धुआं उठने लगा। चालक राकेश शर्मा ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोकी और जैसे ही वे नीचे उतरे, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
पीड़ित राकेश शर्मा ने बताया, गाड़ी में गंध आने पर मैंने बोनट खोला तो उसमें आग लगी थी। देखते ही देखते पूरी गाड़ी लॉक हो गई और आग की लपटों में घिर गई। यह गनीमत रही कि हम समय रहते बाहर निकल आए। उन्होंने अंदेशा जताया है कि आग शॉर्ट-सर्किट के कारण लगी होगी।
पीड़ित का आरोप है कि, घटना की सूचना तुरंत दी गई थी, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। देरी की वजह से कार पूरी तरह जलकर कंकाल बन गई। इस अग्निकांड में कार के साथ-साथ उनके मित्र के करीब डेढ़ लाख रुपए नकद और कीमती कपड़े भी जलकर खाक हो गए। हाइवे पर कार में लगी आग के कारण काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।