ग्वालियर

मंडप में खुला दूल्हे का ‘इश्क’, रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन का विदाई से इनकार

mp news: दूल्हे की प्रेमिका के कॉल, मैसेज और रिकॉर्डिंग दिखाकर थाने पहुंची दुल्हन, बिना दुल्हन के बैरंग लौटी बारात।
2 min read
gwalior
bride refuses bidaai after groom love affair exposed

mp news: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शादी के मंडप में दूल्हे के प्रेम प्रसंग का खुलासा होते ही हंगामा मच गया। सजी-धजी दुल्हन ने सबके सामने ऐलान कर दिया कि वह धोखा देने वाले दूल्हे के साथ नहीं जाएगी। नतीजा यह हुआ कि शादी की सभी रस्में पूरी होने के बावजूद बारात को बैरंग लौटना पड़ा। घटना कंपू इलाके के एक मैरिज गार्डन की है। सोमवार को गुढ़ागुढ़ी का नाका निवासी युवती की शादी गिर्राज से तय थी। शादी की रस्में सामान्य तरीके से पूरी हो गईं और सिर्फ विदाई बाकी थी। इसी दौरान दुल्हन ने अचानक शादी से इनकार कर दिया।

कॉन्फ्रेंस में प्रेमिका को जोड़कर सुनाता था दुल्हन की बातें

दुल्हन ने घराती और बारातियों के सामने बताया कि उसका होने वाला पति करीब डेढ़ साल से एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध में है। यह बात खुद उस महिला ने फोन कर उसे बताई थी। युवती के मुताबिक राजस्थान निवासी पूजा ने लगुन फलदान से एक दिन पहले फोन कर गिर्राज से अपने रिश्ते का खुलासा किया था। शुरुआत में दुल्हन ने उस पर भरोसा नहीं किया, लेकिन बाद में गिर्राज की हरकतों से शक यकीन में बदल गया। आरोप है कि गिर्राज अपनी प्रेमिका को दुल्हन की फोटो भेजता रहा और फोन पर बातचीत करते समय उसे कॉन्फ्रेंस कॉल पर जोड़कर दोनों की बातें भी सुनवाता था। मैरिज गार्डन में ही दुल्हन ने दूल्हे के प्रेम प्रसंग का खुलासा कर दिया और सीधे थाने पहुंच गई। उसने दूल्हे और उसकी प्रेमिका के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग, कॉल डिटेल और मैसेज पुलिस को सौंप दिए।

नहीं बिताऊंगी उसके साथ जिंदगी

थाने में दूल्हे ने सफाई देते हुए कसमें खाईं कि अब उसका उस महिला से कोई संबंध नहीं रहेगा। पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग भी कराई, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अड़ी रही। दुल्हन का कहना था कि जो व्यक्ति शादी से पहले ही धोखा दे रहा है, उसके साथ वह जिंदगी नहीं बिताएगी। अंतत: दोनों पक्षों को समझाकर मामला वहीं खत्म कराया गया और बारात बिना दुल्हन के लौट गई। कंपू थाना टीआई अमरसिंह सिकरवार के मुताबिक, दोनों पक्षों को बुलाकर काउंसलिंग कराई गई थी, लेकिन दुल्हन शादी के लिए तैयार नहीं हुई। इसके बाद आपसी सहमति से मामला खत्म करा दिया गया।

Updated on:
11 Mar 2026 05:05 pm
Published on:
11 Mar 2026 05:05 pm