MP News: नगर पालिका के कर्मचारी पर 4 साल तक महिला का शारीरिक शोषण करने का आरोप, बेटी पर बुरी नजर डाली तो महिला ने दर्ज कराई FIR ।
MP News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक महिला के साथ 4 साल तक शारीरिक शोषण किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शारीरिक शोषण करने का आरोप नगर पालिका के एक कर्मचारी पर लगा है और पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है। पीड़िता का ये भी आरोप है कि उसका शारीरिक शोषण करने के बाद आरोपी उसकी नाबालिग बेटी पर भी बुरी नजर रखने लगा और उसके साथ भी छेड़छाड़ करने की कोशिश की। जब बेटी के साथ छेड़छाड़ हुई तो महिला का सब्र टूट गया और उसने पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि पति से अलग होने के बाद वो चार साल पहले बेटी के साथ ग्वालियर में आकर रहने लगी थी। उसकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी और उसे अपना व बेटी का पेट भरने के लिए नौकरी की जरुरत थी। इसी दौरान उसकी पहचान डबरा के रहने वाले दीपांशु बाथम से हुई। दीपांशु नगर पालिका में कर्मचारी है। दोनों के बीच बातचीत होने लगी तो आरोपी दीपांशु ने उसे नौकरी लगवाने का झांसा दिया। वो उसके घर में आने-जने लगा और फिर नजदीकियां बढ़ाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसे नौकरी की जरुरत थी इसलिए वो खामोश रही और सबकुछ चुपचाप सहती रही। आरोपी दीपांशु बाथम बीते करीब 4 साल से उसका शारीरिक शोषण कर रहा है और जब भी वो उससे नौकरी लगवाने के बारे में बात करती है तो वो कोई न कोई बहाना बनाककर बात को टाल देता है।
gwaliorपीड़िता के मुताबिक वो नौकरी की आस में बीते 4 साल से सबकुछ सह रही थी लेकिन अब दीपांशु की बुरी नजर उसकी नाबालिग बेटी पर है। एक दिन बेटी को घर में अकेला पाकर दीपांशु ने उसके साथ छेड़छाड़ की, जब वो घर लौटी तो बेटी ने उसे दीपांशु की गंदी हरकत के बारे में बताया। बेटी के साथ हुई घटना से उसका सब्र का बांध टूट गया और वो पुलिस में शिकायत दर्ज कराने आई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी दीपांशु बाथम के खिलाफ दुष्कर्म और छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी दीपांशु बाथम फरार है जिसे पुलिस जल्द गिरफ्तार करने की बात कह रही है और उसकी तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है।