ग्वालियर

5 भाइयों के घरों में रहस्यमयी ढंग से लग रही बार-बार आग, ग्वालियर में अनोखी घटना से दहशत

Mysterious Fire Incident: घरों में न चूल्हा जल रहा और न ही कोई शॉर्ट सर्किट हो रहा फिर भी बार-बार में आग लग रही, घर में रखे बिस्तर, कपड़े और राशन जलकर खाक, खुले आसमान के नीचे सो रहा परिवार।
2 min read
gwalior
mysterious fire in houses, 5 भाइयों के घरों में रहस्यमयी ढंग से लग रही आग से गांव में दहशत (source-patrika)

Gwalior Mysterious Fire Incident: मध्यप्रदेश के ग्वालियर से करीब 30 किलोमीटर दूर बसे आंतरी गांव में इन दिनों अनजान खौफ पसरा है और इस खौफ ने गांव वालों की नींद उड़ा दी है। यहां एक ही परिवार के पांच भाइयों के घरों में बीते कई दिनों से अचानक आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। कपड़े, बिस्तर और यहां तक कि खाने-पीने का सामान भी जलकर खाक हो रहा है। अजीब बात ये है कि जिस घर में आग लगने की घटना हो रही है वहां न तो चूल्हा जल रहा है और न ही कोई शॉर्ट सर्किट हो रहा है। बार-बार आग लगने की घटनाओं से गांव में डर का माहौल बना हुआ है और पीड़ित परिवार अपना घर छोड़कर खुले आसमान के नीचे दिन-रात काट रहा है।

घरों में रहस्यमयी ढंग से बार-बार लग रही आग

आंतरी गांव के रहने वाले 5 भाइयों- कल्याण सिंह बघेल, सेवाराम बघेल, कामता प्रसाद बघेल, महेंद्र बघेल और लक्षीराम बघेल के घरों में अलग-अलग समय पर अचानक आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। सबसे पहले कल्याण सिंह बघेल के घर में आग लगने की घटनाएं हुईं और कपड़ों और बिस्तर में आग लगी। इसके बाद दूसरे भाई के घर में भी खाने-पीने का सामान जलने लगा और धीरे-धीरे पांचों भाइयों के घर इस रहस्यमयी घटना की चपेट में आ गए। परिवार के लोगों का कहना है कि वो अगर अपना सामान किसी दूसरे के घर में ले जाकर रख रहे हैं तो वहां पर भी उसमें आग लग रही है।

जादू-टोना करने का शक

शुरुआत में लोगों ने अंधविश्वास में इसे टोना टोटका मानकर झाड़फूंक करने वाले बुलाए लेकिन आग के आगे सारे जतन बेअसर रहे। इसके बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से शिकायत की लेकिन आग काबू नहीं आई है। एहतियात के तौर पर गांव में राउंड द क्लॉक पानी के टैंकर खड़े कर दिए हैं और फायर ब्रिगेड की टीम को अलर्ट रखा है। गांववालों ने भी घरों के बाहर पानी भरकर रखा है, जिससे आग लगने पर तुरंत उसे बुझाया जा सके।

पूरे गांव में दहशत का माहौल

पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि समझ नहीं आ रहा कि क्या हो रहा है। रात में अचानक कपड़े-बिस्तर जलने लगते हैं। न कोई चूल्हा जल रहा होता है, न बिजली का कोई काम चालू रहता है। झाड़-फूंक कराई लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ, आग लगने का डर इस कदर है कि पूरा परिवार घर के बाहर सो रहा है। पीड़ित कामता प्रसाद ने बताया कि- 'अगर सामान बचाने के लिए पड़ोसी के यहां रख रहे हैं, तो आग वहां भी लग रही है। इस वजह से अब गांव में भारी दहशत है।' इस मामले पर पूजा मावई, नायब तहसीलदार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि आंतरी गांव में पांच भाइयों के घर में रहस्यमय अंदाज में अचानक आग लग रही है। पीड़ितों के घर में कैमिकल, बारूद कुछ नहीं रखा पाया गया है। आग क्यों लग रही है, कारण भी स्पष्ट नहीं है। एफएसएल टीम से घटनास्थल की जांच कराई जा रही है।

Published on:
26 Jun 2026 08:26 pm