ग्वालियर

ग्वालियर में OLX पर iPhone का विज्ञापन देख खरीदने आया युवक, चेक करने के बहाने से लिया, फिर हो गया नौ दो ग्यारह

OLX iPhone buying scam: ग्वालियर में OLX पर iPhone बेचने का विज्ञापन डालना इंजीनियरिंग छात्रों को भारी पड़ गया। खरीदार बनकर आए युवक ने चाय-कॉफी के दौरान फोन लिया और फरार हो गया।
2 min read
• •
Oct 10, 2026
olx iphone buying scam phone stolen
OLX iPhone buying scam: ग्वालियर में आईफोन लेकर फरार हुआ ठग (फोटो सोर्स-Chatgpt)

OLX iPhone buying scam: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवक को अपने मोबाइल को बेचने के लिए उसका विज्ञापन डालना महंगा पड़ गया। इंजीनियरिंग छात्र ने OLX नाम की वेबसाइट पर आइफोन बेचने का विज्ञापन डाला था। ग्राहक बनकर आए एक युवक ने मोबाइल देखने के बहाने फोन लिया और भाग निकला। छात्र और उसका दोस्त काफी देर तक अपने स्तर पर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन सुराग नहीं मिलने पर पुलिस से शिकायत की। पुलिस मामले की जांच में जुट चुकी है।

12 प्रो मैक्स बेचने के लिए OLX पर डाला था विज्ञापन

सचिन धाकड़ ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से मुरैना का रहने वाला है और ग्वालियर के एक निजी कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। वह शब्दप्रताप आश्रम क्षेत्र में किराए के मकान में रहता है। उसका सहपाठी गौरव धाकड़ निवासी शिवपुरी आइफोन 12 प्रो मैक्स (iPhone 12 Pro Max) बेचना चाहता था। दोस्त का फोन बिकवाने के लिए सचिन ने ओएलएक्स पर विज्ञापन डाला था।

रेस्टोरेंट में चाय-कॉफी के दौरान वारदात

विज्ञापन देखकर एक युवक ने सचिन को फोन किया और मोबाइल खरीदने के लिए फूलबाग स्थित एक रेस्टोरेंट में मिलने बुलाया। सचिन अपने दोस्त गौरव के साथ मोबाइल लेकर वहां पहुंच गया। कुछ देर बातचीत और चाय-कॉफी के बाद युवक ने फोन चेक करने के लिए मांगा। मोबाइल हाथ में आते ही वह लेकर तेजी से भाग गया। दोनों दोस्तों ने उसका पीछा करने और तलाशने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ नहीं आया। खरीददार के रूप में आया ठग आईफोन लेकर इतना तेजी से रफूचक्कर हो गया कि किसी के हाथ न आया।

सीसीटीवी से पहचान की कोशिश

इसके बाद दोनों दोस्त पड़ाव थाने में शिकायत करने पहुंचे। एसआइ संतोष सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों दोस्तों की शिकायत पर मामले में बदमाश की तलाश की जा रही है। रेस्टोरेंट और आसपास के बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द से जल्द बदमाश को पकड़ा जाएगा और कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस मामले में और भी एंगल से तलाश करेगी।

Updated on:
10 Oct 2026 09:01 am
Published on:
10 Oct 2026 09:01 am