ग्वालियर

पटवारी भर्ती फर्जीवाड़ा मामले में बड़ा खुलासा, ग्वालियर में मोम के अंगूठे से बायोमैट्रिक से छेड़छाड़, चारों आरोपी बरी

Patwari recruitment fraud: ग्वालियर में आधार कार्ड के बायोमैट्रिक डेटा से छेड़छाड़ का मामला अदालत में कमजोर पड़ गया। पुलिस की जांच में खामियां मिलने पर चारों आरोपी बरी हो गए।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 7:58 AM IST
Patwari recruitment fraud
Patwari recruitment fraud: मोम के अंगूठे से बायोमैट्रिक से छेड़छाड़ का आरोप (फोटो सोर्स- Patrika)

Patwari recruitment fraud: ग्वालियर में पटवारी भर्ती परीक्षा में सॉल्वर बैठाने के लिए आधार कार्ड के बायोमैट्रिक डेटा से छेड़छाड़ का चर्चित मामला अदालत में पुलिस की कमजोर जांच की भेंट चढ़ गया। मोम के नकली फिंगरप्रिंट बनाकर बायोमैट्रिक बदलने के आरोप में गिरफ्तार चारों आरोपियों को सत्र अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। फैसले में अदालत ने क्राइम ब्रांच की विवेचना पर गंभीर सवाल उठाए। जांच में न मौके से स्वतंत्र गवाह जुटाए गए, न जब्त मशीनों और लैपटॉप से बायोमैट्रिक डेटा में छेड़छाड़ की तकनीकी पुष्टि कराई गई। अदालत ने स्पष्ट कहा कि संदेह कितना भी गंभीर क्यों न हो, वह सबूत का स्थान नहीं ले सकता।

बाजार में बायोमेट्रिक डेटा से छेड़छाड़, पुलिसकर्मियों के अलावा कोई अन्य गवाह नहीं

अभियोजन के अनुसार, 4 अप्रेल 2023 को क्राइम ब्रांच के उपनिरीक्षक शिशिर तिवारी को सूचना मिली थी कि थाटीपुर के मयूर मार्केट स्थित बंसल ऑफसेट दुकान पर आधार कार्ड के बायोमैट्रिक डेटा में छेड़छाड़ की जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई कर चार लोगों को आरोपी बनाया। लेकिन अदालत ने जांच की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए पाया कि बाजार जैसे सार्वजनिक स्थान पर कार्रवाई के बावजूद आसपास के दुकानदारों या स्थानीय लोगों को स्वतंत्र गवाह नहीं बनाया गया। सभी गवाह पुलिसकर्मी थे।

जब्त मशीनें ही पुलिस के दावे पर सवाल… जांच की सबसे बड़ी

कमजोरी तकनीकी साक्ष्य में सामने आई। लैपटॉप और मशीनों की ऐसी फोरेंसिक रिपोर्ट पेश नहीं की गई. जिससे साबित हो कि छापे के समय बायोमैट्रिक डेटा में बदलाव किया जा रहा था। जांच अधिकारी ने जिरह में स्वीकार किया कि इस तरह के बदलाव के लिए चारों उंगलियों और अंगूठे को एक साथ स्कैन करने वाली मशीन जरूरी होती है, जबकि जब्त मशीनें केवल एक उंगली स्कैन करती थीं। इस तरह गंभीर आरोपों के बावजूद अभियोजन ठोस साक्ष्य पेश नहीं कर सका और अदालत ने चारों आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया।

न दुकान का संचालन साबित, न मोम के अंगूठों का स्रोत

अदालत ने पाया कि मकान मालिक योगेश पाल और अन्य गवाहों के बयानों से यह साबित नहीं हुआ कि घटना के समय दुकान आरोपी वीरभान बंसल ही चला रहा था। पुलिस यह भी स्पष्ट नहीं कर सकी कि कथित नकली अंगूठे किस पदार्थ से और कहां तैयार किए गए थे।

Updated on:
18 Nov 2026, 7:58 AM IST
Published on: