ग्वालियर

Bhitarwar: दंपति की एकसाथ जली चिताएं, धरती की कोख में समाई दो बच्चियां, एक झटके में परिवार खत्म

Vishwakarma family funeral: ग्वालियर में एक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। माता-पिता और उनकी दोनों मासूम बेटियों की मौत से पूरा इलाका गमगीन है।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 10:17 AM IST
road accident vishwakarma family funeral four dead two daughters
Bhitarwar Road Accident: सड़क हादसे में जान गवाने वाले परिवार की एक साथ उठी अर्थियां (फोटो सोर्स- Patrika)

Road Accident: मध्य प्रदेश के भितरवार क्षेत्र के जिस घर में दो मासूम बेटियों की किलकारियां गूंजती थीं, जहां माता-पिता अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के सपने संजो रहे थे, उस घर में अब हमेशा के लिए सन्नाटा पसर गया है। एक नशे में धुत ट्रॉला चालक की लापरवाही ने महज कुछ पलों में हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। डबरा-भितरवार मुख्य मार्ग पर कल्याणी तिराहे के पास रविवार शाम हुए सड़क हादसे (Road Accident) में पति-पत्नी और उनकी आठ वर्षीय बेटी की मौत के बाद जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही छह साल की मासूम भूमि उर्फ बिन्नी ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में परिवार के चारों सदस्यों की मौत हो गई। सोमवार को जब चारों के शव भितरवार पहुंचे तो हर आंख नम हो गई। एक ही परिवार से चार अर्थियां उठने के मंजर ने लोगों की आंखे नम कर दी।

पत्नी का इलाज कराने निकला था परिवार

जानकारी के अनुसार ग्राम सासन निवासी 36 वर्षीय कमल किशोर विश्वकर्मा रविवार को अपनी पत्नी सीमा (34) का इलाज कराने के लिए दोनों बेटियों दीक्षा (8) और भूमि उर्फ बिन्नी (6) के साथ बाइक से ग्वालियर के लिए निकले थे। परिवार ने ग्वालियर पहुंचने के बाद गुढ़ा क्षेत्र में रहने वाले अपने साढ़ू के घर भी जाने की योजना बनाई थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर से निकला यह परिवार कभी वापस नहीं लौटेगा। शाम करीब छह बजे कल्याणी तिराहे के पास सामने से आए तेज रफ्तार ट्रॉले ने बाइक को टक्कर मार दी।

एक-एक कर थमती गई चारों की सांसें, नहीं बच सकी मासूम की जिंदगी

हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। कमल किशोर ने ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं पत्नी सीमा और आठ वर्षीय बेटी दीक्षा की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिवार की आखिरी उम्मीद बनी छह वर्षीय भूमि उर्फ बिन्नी गंभीर हालत में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही थी, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद मासूम को भी नहीं बचाया जा सका। कुछ ही घंटों के भीतर परिवार के चारों सदस्यों की मौत की खबर ने हर किसी को भीतर तक झकझोर दिया।

जिस घर से निकली थीं खुशियां, वहां पहुंचीं चार अर्थियां

सोमवार को पीएम के बाद चारों को भितरवार लाया गए तो माहौल गमगीन हो गया। एक पिता, मां और दो मासूम बेटियों का इस तरह दुनिया से चले जाना हर किसी को स्तब्ध कर गया। जिन बेटियों के भविष्य के लिए माता-पिता सपने देख रहे थे, वे भी माता-पिता के साथ ही दुनिया छोड़ गईं। परिवार के परिचितों और क्षेत्रवासियों के लिए इस हृदयविदारक घटना पर विश्वास करना मुश्किल हो रहा था। एक ही घर से चार अर्थियां उठने की पीड़ा ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया।

नशे में था चालक, वाहन मालिक से भी होगी पूछताछ

हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया था। मामले में आंतरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक बंटी शर्मा निवासी लदवाया को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय चालक नशे की हालत में था। पुलिस अब ट्रॉला मालिक से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चालक को वाहन किस परिस्थिति में सौंपा गया था और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी मिल सके।

पुलिस जांच में जुटी

आंतरी थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह जोनवार ने बताया कि आरोपी ट्रॉला चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वाहन मालिक से भी पूछताछ की जा रही है। मामले में जांच कर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
24 Nov 2026, 10:17 AM IST
Published on: