हर्ष फायर कर मासूम शैजल (8) पुत्री सतेन्द्र जादौन की गैरइरादतन हत्या करने के मामले में आरोपी पंकज चौहान को आखिरकार पुलिस ने 11 दिन बाद गिरफ्तार
ग्वालियर। लगुन कार्यक्रम में जीजा की लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायर कर मासूम शैजल (8) पुत्री सतेन्द्र जादौन की गैरइरादतन हत्या करने के मामले में आरोपी पंकज चौहान को आखिरकार पुलिस ने 11 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है शनिवार को खबर मिली कि पंकज मदनकुई हनुमान मंदिर के पास देखा गया है।
इस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लिया। शैजल को गोली लगने के बाद जब अस्पताल लेकर गए तब पंकज भी साथ में था। जब तक वह जिंदा थी, वह ग्वालियर में रहा। उसकी मौत के बाद भाग गया। आरोपी के जीजा धर्मेन्द्र कुशवाह को पुलिस अभी नहीं ढूंढ सकी है।
काशी नरेश की गली निवासी पंकज चौहान (३२) पुत्र विजेन्द्र सिंह ने पुलिस को बताया कि १३ फरवरी को रात में लगुन का कार्यक्रम चल रहा था, तभी वह जीजा धर्मेंन्द्र से पिस्टल लेकर कॉक करने लगा तो ट्रिगर दब गया। पिस्टल से निकली गोली शैजल को लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई थी। पंकज रिश्ते में शैजल का मामा लगता है और कोरियर कंपनी में काम करता है। पुलिस ने पंकज के खिलाफ धारा ३०४ ए के तहत एफआईआर दर्ज की थी।
एटा में छिपा था : घटना के बाद पंकज एटा (यूपी) में अपने मामा के घर जाकर छिप गया था।
शैजल को गोली मारने वाले आरोपी पंकज को गिरफ्तार कर लिया है। उसने स्वीकार किया है कि जीजा से पिस्टल लेकर उसके ही हाथ से गोली चली थी। पिस्टल लाइसेंसी है।
मदन मोहन मालवीय, टीआई ग्वालियर थाना
ग्वालियर में एक शादी समारोह में मंगलवार को यह हृदयविदारक घटना हुई। 8 साल की मासूम बच्ची सैजल अपने पिता सतेन्द्र जादौन माता सुनीता जादौन के साथ 13 फरवरी को अपने मामा के लड़के की शादी में गई थी। अपने भाई सोनू भदौरिया की शादी में जाने का उसे इतना उत्साह था कि अपने जन्म दिवस पर नए कपड़े नहीं लेकर उसने भाई सोनू की शादी के लिए लहंगा सिलवाया था। तीन भाई-बहनों में मछली सैलज हमेशा मुस्कुराने वाली सीधी-सादी बच्ची थी। क्या हुआ था उस समय शादी से तीन दिन पहले सोनू भदौरिया की सगाई का फलदान आया था। इसी में शामिल होने सभी लोग एकत्र थे। इसी बीच शादी में आए कुछ युवक शराब के नशे में मस्ती कर रहे थे। इसी बीच नाचने-गाने के वक्त किसी युवक ने बंदूक निकालकर लाया और हर्ष फायर करने की कोशिश करने लगा। इस बीच उसके किसी दोस्त ने बंदूक छीनने की कोशिश की। पहले मैं चलाउंगा की तर्ज पर जैसे ही छीना-झपटी हुई, बंदूक का ट्रिगर दब गया और यह गोली शादी समारोह का नजारा देख रही सैजल की पसलियों को चीरते हुए निकल गई। सैजल वहीं बेहोश होने लगी। रात 11.30 बजे की बात है। सैजल के माता-पिता और अन्य रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे, जहां काफी देर तक वह अपने पिता के साथ रही, थोड़ी देर बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।