
Gwalior news: बेटी ससुराल में खुश रहे, इस उम्मीद में माता-पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर एक करोड़ रुपए खर्च किए और धूमधाम से शादी की, लेकिन लालची ससुराल वालों का पेट इससे भी नहीं भरा। शादी के महज कुछ दिनों बाद ही विवाहिता से मायके से दो बीघा जमीन, दो प्लॉट, स्कॉर्पियो गाड़ी और पेट्रोल पंप की मांग की जाने लगी। जब नवविवाहिता ने इस नाजायज मांग को पूरा करने से इनकार किया, तो पति ने हैवानियत दिखाते हुए उसके दोनों हाथों पर तेजाब डालकर जला दिया। प्रताड़ना से तंग आकर मायके में रह रही पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर मामला दर्ज कराया है।
मुरार के सिंहपुर रोड निवासी डॉली दुबे का विवाह 19 जून 2026 को रिवर व्यू कॉलोनी निवासी अनुराग शर्मा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। शादी में डॉली के परिजनों ने 51 लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर और गृहस्थी का पूरा सामान मिलाकर करीब एक करोड़ रुपए खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति अनुराग का व्यवहार बदल गया। वह शराब के नशे में मारपीट करने लगा और ताने देता था कि मायके वालों ने शादी में कुछ भी नहीं दिया।
27 जुलाई को आरोपी पति डॉली को कार में बैठाकर उसके मायके लाया और घर के बाहर छोड़कर चला गया। जब डॉली के पिता ने अनुराग को समझाने का प्रयास किया, तो उसने उनके साथ भी अभद्रता व गाली-गलौज की। आरोपी ने खुलेआम धमकी दी कि यदि पेट्रोल पंप, प्लॉट और गाड़ी की मांग पूरी नहीं हुई तो वह पूरे परिवार को जान से खत्म कर देगा। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद आरोपी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के मुताबिक, जब उसने पति की भारी-भरकम मांगों को मानने से मना किया तो आरोपी ने उसके दोनों हाथों पर तेजाब फेंक दिया, जिससे उसके बुरी तरह झुलस गए। इसके बाद प्रताड़ना का दौर नहीं थमा और हाथ भी उसे घर में जाने लगा।