
MP Weather : जम्मू कश्मीर में आ रहे पश्चिमी विक्षोभ व राजस्थान में बने चक्रवातीय घेरे से शहर का मौसम बदल गया है। राजस्थान की गर्म हवा का आना शुरू हो गया है, जिससे अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे गर्मी का मार्च शुरू हो गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा और गर्म हवा के झोंकों का अहसास हुआ। मौसम में आए बदलाव से गेहूं की फसल प्रभावित हो सकती है, क्योंकि फसल में जल्द पकाव आ जाएगा। होली के बाद तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच सकता है।
दरअसल जम्मू कश्मीर में लगातार पश्चिमी विक्षोभ(Western disturbance) आ रहे है। इस कारण उत्तरी हवा स्थिर नहीं हो पा रही है। अब राजस्थान में गर्मी बढऩे लगी है। इसका असर ग्वालियर अंचल पर भी देखने को मिल रहा है, क्योंकि राजस्थान की हवा अंचल में चल रही है, जो अपने साथ गर्मी लेकर आ रही है। सर्दी के सीजन की समाप्ति के बाद पहली बार गर्मी का अहसास हुआ। दिन में धूप में खड़ा होना मुश्किल हुआ। पंखे भी चालू हो गए। पंखे शुरू होने से बिजली का लोड भी बढऩे लगा है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। रात में भी ठंडक घटी है।