ग्वालियर

Gwalior News: दिल्ली में नौकरी कर रहे बेटे, 335 किलोमीटर दूर मां पर गिरी दीवार, CPR भी नहीं बचा पाया

Boundary wall collapse: ग्वालियर के पॉश इलाके में 70 वर्षीय सावित्री देवी पर बाउंड्री वॉल गिर गई। हादसे में वृद्ध महिला का निधन हो गया। महिले के बेटे दिल्ली में पढ़ते है।
2 min read
Sep 15, 2026
windsor hills boundary wall collapse 70 year old savitri devi lost life
Windsor Hills boundary wall collapse: बाउंड्री वॉल गिरने से महिला की मौत (फोटो सोर्स- Patrika)

Gwalior Boundary wall collapse: मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर की पॉश टाउनशिप विंडसर हिल्स (Windsor Hills) में सोमवार शाम जर्जर बाउंड्री दीवार गिरने से 70 वर्षीय महिला का निधन हो गया। सिरोल थाना क्षेत्र की टाउनशिप में सावित्री देवी गार्डन में काम कर रही थीं, तभी करीब 3.30 बजे अचानक दीवार उनके ऊपर गिर गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें बुरी खबर दी। हादसे के बाद टाउनशिप की अन्य जर्जर दीवारों को लेकर रहवासियों में दहशत है।

माली का काम करती थी वृद्धा

सावित्री देवी जाटव मोहल्ला, सिरोल की रहने वाली थीं और करीब 15 वर्षों से विंडसर हिल्स में माली का काम कर रही थीं। हादसे के समय वह बाउंड्री के पास गार्डन में काम कर रही थीं। दीवार गिरने से पास खड़ी कार और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।

पहले शिकायत, फिर भी नहीं जागा निगम

हादसे के बाद सवाल उठ रहा है कि बाउंड्री दीवारों की जर्जर हालत की शिकायतें मिलने के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई। विंडसर हिल्स की एक रहवासी के मुताबिक टाउनशिप में कई बाउंड्री दीवारें जर्जर है। रहवासियों ने नगर निगम के जेडओ और जिला प्रशासन को कई बार पत्र देकर शिकायत की थी। उनका कहना है कि एक दीवार पहले ही गिर चुकी है, जबकि दूसरी दीवारें भी हादसे का कारण बन सकती है। सूचना मिलते ही नगर निवेशक सुरेश अहिरवार, सहायक नगर निवेशक राकेश कश्यप, यशवंत मैकले और क्षेत्राधिकारी तनुजा वर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्राधिकारी को भी रहवासियों की ओर से जर्जर दीवारों की शिकायत पहले दी जा चुकी थी।

पेड़ों की कटाई-छंटाई के दौरान दीवार गिरने की बात

बताया जा रहा है कि टाउनशिप में बाउंड्री जर्जर होने के साथ दूसरी ओर पेड़ों की कटाई-छंटाई का काम भी चल रहा था। इसी दौरान महिला वहां पहुंचीं और पेड़ की डाल के साथ बाउंड्री दीवार सीधे उनके ऊपर आ गिरी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है।

दिल्ली में नौकरी करते हैं दोनों बेटे

सावित्री देवी के दोनों बेटे दिल्ली में नौकरी करते हैं। मां के निधन की सूचना मिलते ही दोनों ग्वालियर के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने शव को शव विच्छेदन गृह में रखवा दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद मंगलवार को शव विच्छेदन कराया जाएगा। रहवासियों ने टाउनशिप की बाकी जर्जर दीवारों का तत्काल निरीक्षण कर उन्हें सुरक्षित कराने की मांग की है।

Updated on:
15 Sept 2026 09:46 am
Published on:
15 Sept 2026 09:46 am