
liquor drinking two people fall ill, अस्पताल में लोगों की भीड़ और एंबुलेंस (Source- Patrika)
Chhatarpur Alcohol Illness Case: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के बकस्वाहा क्षेत्र में शराब पीने के बाद दो लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। दोनों ने शराब की दुकानों से शराब खरीदने की बात कही है। हालांकि, तबीयत खराब होने की वजह शराब है या कोई अन्य कारण, इसकी पुष्टि जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही होगी।एक मरीज को सागर में भर्ती कराया गया है, जबकि ग्राम कुई निवासी भरत यादव को प्राथमिक उपचार के बाद दमोह रेफर किया गया।
पहला मामला ग्राम बरा तहसील बंडा निवासी व्यक्ति का है। उसके अनुसार उसने बम्हौरी स्थित शराब दुकान से शराब खरीदी थी। शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने पर उसे सागर में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार उसने बम्हौरी से शराब खरीदने से पहले बंडा में भी शराब पी थी। ऐसे में तबीयत बिगड़ने का कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
दूसरे मामले में भरत यादव ने बताया कि उसने बकस्वाहा की शराब दुकान से शराब खरीदी थी। इसके बाद तबीयत बिगड़ने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया। बीएमओ डॉ. सत्यम आसाटी ने बताया कि मरीज द्वारा बताए गए लक्षणों के आधार पर प्राथमिक उपचार के बाद एहतियातन उसे रेफर किया गया। उन्होंने कहा कि तबीयत खराब होने का कारण शराब है या कोई अन्य वजह, इसकी पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही होगी। वहीं बकस्वाहा नगर निरीक्षक प्रशांत सेन ने बताया कि दोनों मामले पुलिस के संज्ञान में हैं और जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब की सूचना मिलने पर पुलिस कार्रवाई करती है।
वहीं बकस्वाहा पुलिस ने अवैध शराब के विक्रय, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत 8 प्रकरण दर्ज किए। कार्रवाई के दौरान अवैध देशी एवं महुआ शराब जब्त की गई। साथ ही अवैध रूप से तैयार किए जा रहे करीब 100 लीटर महुआ लहान को मौके पर विधिवत नष्ट किया गया। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
Updated on:
14 Sept 2026 09:12 pm
Published on:
14 Sept 2026 09:12 pm
