ग्वालियर

‘जिंदगी को कहा- Bye-Bye…’, बीवी को नहीं भुला पाया विजय, ग्वालियर में जिंदा जला

Youth burned in gwalior: विजय शाक्य पुत्र रामचरण शाक्य मजदूरी करके अपना जीवनयापन करता था। बीते एक महीने पहले ही उसकी पत्नी की बीमारी के चलते मौत हो गई थी।
2 min read
Youth burned alive: परेशान चल रहा था विजय (Photo Source - Patrika)
Youth burned alive: परेशान चल रहा था विजय (Photo Source - Patrika)

Youth burned alive:मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में हादसा हो गया। यहां पर 43 साल के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक पूरा जिंदा जल गया। जानकारी मिली है कि घटना के समय युवक पूरी तरह से नशे में था इसलिए उसे कुछ समझ में नहीं आया। शुरुआती समय में ये भी कहा जा रहा था कि कमरे में सिलेंडर फटने से आग लग गई जिससे युवक पूरी तरह से जल गया।

हालांकि इस बात से थाटीपुर थाना पुलिस ने साफ इंकार कर दिया है। पुलिस शव को लेकर आगे की जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि नशा लेने के दौरान बीड़ी या सिगरेट ली गई है जिससे आग लगी है। युवक के ज्यादा नशे में होने के कारण वह खुद को बचा नहीं सका।

कई दिनों से परेशान चल रहा था विजय

थाटीपुर थाना पुलिस की जानकारी के मुताबिक नदीपार टाल निवासी 43 वर्षीय विजय शाक्य पुत्र रामचरण शाक्य मजदूरी करके अपना जीवनयापन करता था। बीते एक महीने पहले ही उसकी पत्नी की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद से विजय खामोश रहता था। वह ज्यादा किसी से बात भी नहीं करता था। पत्नी की मौत ने उसे परेशान कर दिया था। वह डिप्रेशन में भी था। पता चला है कि पत्नी के जाने का गम भुलाने के लिए उसने शराब का सहारा लेना भी शुरु कर दिया था। बीते कई दिनों से वह ज्यादा शराब पी रहा था। विजय अपने चार भाईयों में सबसे छोटा है। हादसे के बाद से परिवार के लोग सदमे में हैं।

शत-प्रतिशत झुलस चुका था विजय

घटना रात करीब 11:00 बजे की है। घरवालों ने बताया कि अचानक से विजय के कमरे से तेज आग की लपटे दिखने लगी। साथ ही धुंआ भी भर रहा था। इसी दौरान विजय के बड़े भाईयों ने कमरे के गेट को तोड़कर अंदर जाने की पूरी कोशिश करी । इसके बाद कमरे के अंदर जाने और आग को बुझाने का पूरा प्रयास किया लेकिन आग बहुत तेज थी, जब तक लोगों ने आग पर काबू पाया विजय बुरी तरह शत-प्रतिशत झुलस चुका था और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने बताया अफवाह

आसपास के लोगों ने कहना शुरु कर दिया कि विजय के बगल में छोटा सिलेंडर रखा था वह फट गया जिससे आग फैल गई लेकिन पुलिस ने इस बात को महज अपवाह बताया। थाना प्रभारी के मुताबिक विजय अत्यधिक नशे में था, इसलिए पूरी आशंका है कि रात में बीड़ी या सिगरेट जलाते समय उसके कपड़ों या बिस्तर ने आग पकड़ ली। पुलिस ने शव को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Published on:
24 Jun 2026 02:15 pm