Engineer Suicide:हमीरपुर के इंगोहटा गांव में पत्नी के मायके से न लौटने और विवाद से आहत इंजीनियर ने साड़ी के फंदे से आत्महत्या कर ली। छह पन्नों के सुसाइड नोट में ससुराल पक्ष पर तलाक का दबाव और पैसों की मांग के आरोप लगाए।
हमीरपुर। भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के इंगोहटा गांव में पारिवारिक कलह से आहत एक निजी कंपनी में कार्यरत इंजीनियर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की जेब से छह पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें पत्नी, सास-ससुर समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर तलाक के लिए दबाव बनाने और 50 लाख रुपये की मांग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंगोहटा निवासी दिवंगत चंद्रपाल कुशवाहा की पत्नी राजेश्वरी के अनुसार, उनका बेटा आशीष उर्फ बीरू कुशवाहा (28) रविवार रात अपने कमरे में सोने गया था। सोमवार सुबह देर तक बाहर न आने पर परिजन उसे जगाने पहुंचे, जहां वह पत्नी की साड़ी के फंदे से लटका मिला। बेटे की इस हालत को देख परिवार में कोहराम मच गया।पुलिस को मौके से मिले सुसाइड नोट में आशीष ने लिखा है, “मैं तलाक नहीं दे सकता हूं, मर सकता हूं।” उसने अपनी मौत के लिए पत्नी और ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। सुसाइड नोट में उसने अपनी संपत्ति मां और छोटे भाई के नाम करने की इच्छा भी जताई है।
परिजनों के मुताबिक, आशीष की शादी फरवरी 2025 में कुंडौरा गांव निवासी अंजलि के साथ हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। करीब सात माह पूर्व पत्नी मायके चली गई और वापस नहीं लौटी। आशीष ने कई बार उसे मनाने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल पक्ष के अड़ियल रवैये के चलते दांपत्य संबंध बिगड़ते चले गए।सुसाइड नोट में आशीष ने ससुर नवल कुशवाहा, सास मीना, साले चिंटू उर्फ हरिओम व मनीष तथा चचिया ससुर ओमप्रकाश पर 50 लाख रुपये की मांग करने और झूठे दहेज मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उसने पुलिस से ससुराल पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।
चौकी इंचार्ज मनीष पटेल ने बताया कि मृतक की जेब से छह पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के बीच अनबन का प्रतीत हो रहा है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।