6 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:ओईएफ के पास फल मंडी में भीषण आग, सिलेंडर धमाकों से दहशत,एक दर्जन से अधिक दुकानें जलीं

Kanpur Fruit Market Fire:कानपुर के ओईएफ के पास फूलबाग फल मंडी में भीषण आग लगने से एक दर्जन से अधिक दुकानें जल गईं। सिलेंडर धमाकों से दहशत फैल गई। दमकल ने आग पर काबू पाया, लाखों के नुकसान की आशंका है।

2 min read
Google source verification

कानपुर,ऑर्डिनेंस इक्विपमेंट फैक्ट्री (ओईएफ) के पास स्थित फूलबाग फल मंडी में सोमवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग एक बंद पड़ी चाय-मैगी की दुकान से शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब एक दर्जन से अधिक दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग के दौरान चार गैस सिलेंडर फटने से हालात और भयावह हो गए। पुलिस और दमकल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

कैसे लगी आग और कैसे फैली

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग एक बंद पड़ी चाय-मैगी की दुकान से भड़की, जहां संभवतः बिजली के शॉर्ट सर्किट के चलते चिंगारी उठी। दुकान बंद होने के कारण आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका और वह तेजी से आसपास की फल दुकानों तक फैल गई। मंडी में ज्वलनशील सामग्री जैसे लकड़ी के खोखे, प्लास्टिक की टोकरियां और पैकिंग सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के दुकानदारों ने शुरुआत में आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटों की तीव्रता के चलते उन्हें पीछे हटना पड़ा।

सिलेंडर धमाकों से मची दहशत

आग लगने के दौरान मंडी में रखे गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक चार धमाके हुए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। धमाकों की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाकों के बाद आग और भड़क गई, जिससे हालात और बिगड़ गए। आसमान में उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। धमाकों के कारण दमकल कर्मियों को भी आग बुझाने में अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी और क्षेत्र को अस्थायी रूप से खाली कराया गया।

दमकल की मशक्कत और नुकसान का आकलन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। ओईएफ की दमकल इकाई और नगर निगम की फायर ब्रिगेड ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का अभियान चलाया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक मंडी में रखे फल, खोखे और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। इस हादसे में छोटे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये की क्षति हुई है, जबकि प्रशासन द्वारा विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

क्या बोले सीएफओ कानपुर

वहीं पूरे मामले को लेकर सीएफओ कानपुर ने बताया कि मिनी कंट्रोल द्वारा अग्निशमन केन्द्र लाटूश रोड पर सूचना प्राप्त हुई कि फूलबाग क्षेत्र अंतर्गत दुकानों में आग लगी है। सूचना पर फायर स्टेशन लाटूश रोड से दो मोटर फायर इंजन मय प्रभारी लाटूश रोड व कर्नलगंज से 01 मोटर फायर इंजन मय प्रभारी कर्नलगंज तथा फायर स्टेशन मीरपुर से एक मोटर फायर इंजन घटनास्थल के लिए तत्काल प्रस्थान कराए गए तथा देखा गया की उपरोक्त पते पर स्थित अस्थायी दुकानों में आग लगी थी जो कि भीषण रूप से जल रही थी। अग्निशमन यूनिटों के द्वारा संयुक्त रूप से अथक परिश्रम करते हुए आग को आगे बढने से रोककर लगातार पम्पिंग करते हुए कुछ ही समय में समस्त यूनिटों द्वारा जल रही आग को पूर्ण रुप से बुझा कर शान्त कर दिया गया है।इस अग्निकांड के कारण फूलबाग निकट ओ.ई.एफ.फुटपाथ पर लगी लगभग 20 अस्थाई दुकानें अग्निकाण्ड से प्रभावित रही। अग्निकाण्ड में दुकानों में उपलब्ध लगभग 05 एल.पी.जी.सिलेण्डर ब्लॉस्ट हो गये थे। इस अग्निकाण्ड में कोई जन हानि नहीं हुई।