Hamirpur Robbery:हमीरपुर के निवादा गांव में नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर महिला को बांध दिया और 10 लाख के जेवर-नकदी लूट ली। वारदात थाने से महज 3 किमी दूर हुई, जिससे पुलिस गश्त पर सवाल उठे।
हमीरपुर जिले के बिवांर थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि पुलिस गश्त के दावों की खुलकर पोल सामने आ रही है। निवादा गांव में बीती रात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर न केवल महिला को बंधक बनाया, बल्कि करीब 10 लाख रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात कुछ नकाबपोश बदमाश पूरी तैयारी के साथ गांव में पहुंचे। उन्होंने पहले घर की रेकी की और फिर मौके का फायदा उठाते हुए घर में घुस गए। घर के अंदर पहुंचते ही बदमाशों ने महिला को काबू में कर लिया और उसे रस्सी से बांध दिया, ताकि वह किसी तरह का विरोध या शोर न मचा सके। महिला के बंधक बनते ही बदमाशों ने आराम से घर की तलाशी लेनी शुरू कर दी।
बदमाशों ने अलमारियों और बक्सों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब 10 लाख रुपये का सामान बदमाश अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और किसी को भनक तक नहीं लगी।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि घटना स्थल बिवांर थाना से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद बदमाशों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया, जिससे पुलिस की गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सुबह जब घटना की जानकारी गांव के लोगों को हुई, तो हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और घटना को लेकर आक्रोश जताया। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में बदमाशों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
क्षेत्राधिकारी मौदहा ने बताया कि पवन कुमार पुत्र गणेश प्रसाद निवासी ग्राम निवादा, थाना बिवांर, जनपद हमीरपुर के घर में घुसकर 03 अज्ञात व्यक्तियों द्वारा घर में रखे गहने व नगदी रुपये ले जाने की सूचना थाना बिवांर पुलिस को प्राप्त हुई। थाना बिवांर पुलिस एवं फील्ड यूनिट टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया है तथा साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की जा रही है। पीड़ित से तहरीर प्राप्त कर अभियोग पंजीकरण की कार्यवाही प्रचलित है। शीघ्र अनावरण हेतु पुलिस टीम का गठन कर अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।