हमीरपुर

‘चटाई पर सोते हैं विधायक जी, हमारा भी पक्का मकान बनवा दो’, मासूम की गुहार का वीडियो वायरल

Hamirpur News:हमीरपुर के मौदहा क्षेत्र के अरतरा गांव का एक मासूम अपने छप्पर वाले घर के सामने खड़े होकर सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति से पक्का मकान बनवाने की भावुक अपील करता नजर आया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
2 min read
Jul 01, 2026
Viral Video
सदर विधायक पक्का मकान की गुहार लगाता मासूम - वीडियो ग्रैब

Hamirpur Viral Video:हमीरपुर जिले के मौदहा तहसील क्षेत्र के अरतरा गांव का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक छोटा मासूम बच्चा अपने जर्जर कच्चे छप्पर वाले मकान के सामने खड़ा होकर सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति से भावुक अंदाज में पक्का मकान बनवाने की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। बच्चे की मासूमियत और उसके शब्द लोगों को भावुक कर रहे हैं।

हमाओ कच्चा मकान भी बनवा दो

वीडियो में बच्चा बेहद सरल और मासूम भाषा में कहता है, "विधायक मनोज प्रजापति जी… हमाओ पक्का मकान भी बनवा दो। सबका बनवाओ हौ, हमार भी बनवा दो। चटाई पर लेटते हैं… हम पर दया कर दो।" बच्चे की यह अपील सीधे लोगों के दिलों तक पहुंच रही है। वीडियो में वह अपने कच्चे छप्पर वाले घर की हालत भी दिखाता है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

सोशल मीडिया पर लोगों की भावुक प्रतिक्रियाएं

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग बच्चे की मदद की मांग कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि यदि परिवार वास्तव में आवास योजना का पात्र है तो उसे जल्द से जल्द सरकारी योजना का लाभ मिलना चाहिए। वहीं कुछ लोगों ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मामले का संज्ञान लेने की अपील की है।

बारिश के मौसम में बढ़ी चिंता

बरसात का मौसम शुरू होने के साथ ही कच्चे और छप्पर वाले मकानों में रहने वाले परिवारों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। ऐसे मकानों में पानी टपकना, दीवारों का कमजोर होना और किसी भी समय हादसे का खतरा बना रहता है। ऐसे में बच्चे की यह अपील केवल उसके परिवार की परेशानी ही नहीं, बल्कि उन तमाम गरीब परिवारों की स्थिति भी सामने लाती है जो आज भी पक्के मकान का इंतजार कर रहे हैं।

अब जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर टिकी निगाहें

फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, अभी तक इस वायरल वीडियो को लेकर विधायक या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि मासूम की यह गुहार उसके परिवार के लिए पक्के आशियाने का रास्ता बन पाती है या नहीं।