
हनुमानगढ़ के चुनावी समीकरण में बड़ा फेरबदल, मोदी लहर नहीं आई नजर, नोहर में माकपा हुई मजबूत
-कांग्रेस को एक सीट का फायदा, युवा चेहरों को मिली बड़ी जीत
-जिले में अबकी बार कांग्रेस को तीन, भाजपा को एक तथा एक सीट पर निर्दलीय ने बाजी मारी
-वर्ष 2018 में कांग्रेस व भाजपा को दो-दो व माकपा को एक सीट पर मिली थी जीत, इस बार माकपा के हाथ खाली
हनुमानगढ़. जिले की पांचों विधानसभा सीटों के चुनावी नतीजे रविवार को जारी हो गए हैं। अबकी बार यानी 2023 में हनुमानगढ़ जिले में कांग्रेस को एक सीट की बढ़त मिली है। जबकि भाजपा व माकपा को एक-एक सीट का नुकसान मिला है। इस बार के चुनाव में हनुमानगढ़ से निर्दलीय प्रत्याशी गणेशराज बंसल, संगरिया से कांग्रेस के अभिमन्यु पूनियां, पीलीबंगा से कांग्रेस के विनोद गोठवाल, नोहर में कांग्रेस के अमित चाचाण तथा भादरा से भाजपा के संजीव बेनीवाल को जीत मिली है। रविवार शाम को मतगणना के अंतिम नतीजे जारी करते ही समर्थकों ने ढोल-नगाड़े पर नाच-गाकर खुशियां बांटी। आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। इससे पहले कड़ी सुरक्षा के बीच जिला मुख्यालय स्थित राजकीय पॉलिटेक्नि कॉलेज में मतगणना शुरू करवाई गई। इस दौरान पहले बैलेट पेपर की गणना का कार्य शुरू किया गया। साथ-साथ ईवीएम से भी गणना शुरू करवाई गई। इस दौरान कुछ ईवीएम में तकनीकी दिक्कत मिलने की वजह से इनकी गणना में कुछ देरी भी हुई।
बनी अजीब स्थिति
सबसे दिलचस्प भादरा विधानसभा सीट पर हुई मतगणना रही। यहां पर कुछ ही मतों के अंतर से भाजपा के संजीव बेनीवाल के जीतने की सूचना पर माकपा प्रत्याशी बलवान पूनियां ने रीकाउंटिंग का दावा ठोक दिया। परंतु मौजूद निर्वाचन अधिकारी ने पहले गणना पूर्ण होने तथा समझाइश करने की बात कही। बाद में पुनर्मतगणना की स्थिति टल गई।
जीत कर ही माने गोठवाल
हनुमानगढ़ जिले की पीलीबंगा विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लडऩे वाले विनोद गोठवाल को इस बार रिकॉर्ड मतों से जीत नसीब हुई। इस बार विनोद गोठवाल ने 55273 वोट से जिले में सबसे बड़ी जीत हासिल की। इसमें विनोद गोठवाल को कुल 143091 व भाजपा के धर्मेंद्र मोची को 87818 वोट मिले। इस तरह पीलीबंगा सीट से भाजपा को एक सीट का नुकसान पहुंचा है। मोची गत चुनाव में पीलीबंगा से जीते थे।
युवा चेहरे पसंद
हनुमानगढ़ जिले में इस बार कांग्रेस ने पीलीबंगा से विनोद गोठवाल, संगरिया से अभिमन्यु पूनियां, नोहर से अमित चाचाण को मैदान में उतारा था। इन तीनों युवा चेहरों ने चुनावी मैदान में जीत हासिल करके यह संदेश दिया है कि राजनीति में मौका मिले तो युवा महारथियों को पछाडऩे की ताकत रखते हैं। जीत हासिल करने के बाद संगरिया से निर्वाचित विधायक अभिमन्यु पूनियां ने कहा कि पार्टी ने इस बार युवा चेहरों को मौका दिया, सबने मिलकर मेहनत की। नतीजे सबके सामने हैं। क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने तथा युवाओं के लिए रोजगार मुहैया करवाने का प्रयास रहेगा।
नोहर में माकपा मजबूत
भादरा विधानसभा सीट से वर्ष 2023 में जहां माकपा प्रत्याशी बलवान पूनियां को हार का सामना करना पड़ा। वहीं नोहर में माकपा की स्थिति थोड़ी मजबूत हुई है। यहां पर 2018 में माकपा प्रत्याशी रहे मंगेज चौधरी को 9870 मत मिले थे। वहीं इस बार यानी 2023 में मंगेज चौधरी को कुल 26834 वोट मिले हैं। इस तरह माकपा का वोटिंग प्रतिशत यहां पर काफी बढ़ा है।
यहां मोदी लहर नहीं
इस बार विधानसभा चुनाव में भाजपा व कांग्रेस के स्टार प्रचारकों के अलावा पीएम नरेंद्र मोदी व कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी जिले में चुनावी सभा करने आए थे। इसमें इस बार पीलीबंगा विधानसभा में जहां पीएम मोदी की सभा हुई थी, वहां पर भाजपा को जिले की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। वहीं नोहर में जहां राहुल गांधी आए थे, वहां पर कांग्रेस प्रत्याशी को जीत मिली है। इससे पहले 2018 के चुनाव में मोदी हनुमानगढ़ आए थे, इसमें भाजपा प्रत्याशी डॉ. रामप्रताप को हार मिली थी।