29 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

हनुमानगढ़ में नशे का जाल: जेल की दोस्ती ने सिखाई हेरोइन तस्करी की ‘ABCD’, ऐसे खड़ा हुआ सप्लाई नेटवर्क

हनुमानगढ़ में हेरोइन तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल में जेल से जुड़े संपर्कों का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, कुछ आरोपी जेल में तस्करों के संपर्क में आने के बाद नेटवर्क से जुड़े। पंजाब और राजस्थान में हेरोइन की खेप से जुड़े कई मामले भी सामने आए हैं।
3 min read
Google source verification

हनुमानगढ़

•

image

Harshita Saini

•

image

अदरीस खान

•

Sep 29, 2026

Hanumangarh heroin smuggling

हनुमानगढ़. जब्त नशीले पदार्थों को नष्ट करवाते पुलिसकर्मी (फाइल फोटो)

हनुमानगढ़. पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब और फिर राजस्थान तक पहुंच रही हेरोइन के नेटवर्क में जेल अब नए कैरियर जोड़ने का जरिया बनती जा रही है। जेल में होने वाली मुलाकातों और वहां बनने वाले संपर्कों के जरिए कुछ आरोपी बाहर निकलने के बाद हेरोइन तस्करी के नेटवर्क से जुड़ रहे हैं। चोरी, मारपीट जैसे छोटे मामलों में जेल पहुंचे कुछ आरोपी वहां पहले से बंद तस्करों के संपर्क में आकर बाहर निकलने के बाद हेरोइन की तस्करी में शामिल हो गए। हाल में तीन करोड़ रुपए की हेरोइन के साथ पकड़ा गया आरोपी भी जेल में रहते हुए ड्रोन के जरिए हेरोइन मंगवाने वाले नेटवर्क के संपर्क में आया था। इससे पहले 15 करोड़ रुपए की हेरोइन के साथ पकड़े गए आरोपी के भी जेल में ही तस्करी नेटवर्क से जुड़ने का मामला सामने आ चुका है।

नेटवर्क की पड़ताल

पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब पहुंचने वाली हेरोइन को राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने वाले नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। आरोपी रांझू उर्फ रांझा जेल में ही हेरोइन तस्करी नेटवर्क के संपर्क में आया था। - बी. आदित्य, जिला पुलिस अधीक्षक, हनुमानगढ़

चोरी के मामले में गया अंदर, नेटवर्क से जुड़ा

केस 01 :हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने 25 सितंबर को तीन करोड़ की हेरोइन और चीन निर्मित पिस्टल के साथ रांझू उर्फ रांझा को गिरफ्तार किया था। चोरी के मामले में जेल में ढाई साल पहले उसकी अविनाश से मुलाकात हुई। उसके जरिए वह पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से आने वाली हेरोइन की सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़ गया। दो साल से वह पंजाब के तरनतारन से हेरोइन की खेप लेकर राजस्थान में पहुंचा रहा था।

तस्कर से संपर्क, गिरोह में हुआ शामिल

केस 02 : संगरिया पुलिस ने पिछले साल दिसंबर में कार सवार दो जनों को 15 करोड़ की तीन किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपियों से दो विदेशी पिस्टल, मैग्जीन और 14 कारतूस भी बरामद हुए थे। जांच में सामने आया कि चोरी के मामले में जेल में बंद डीग-भरतपुर जिले के जहातली निवासी नासिर मेव की जेल में पंजाब निवासी भूपेन्द्र सिंह से मुलाकात हुई थी। जेल में बने संपर्क के जरिए दोनों पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से मंगवाई गई हेरोइन की सप्लाई करने वाले गिरोह से जुड़ गए।

ऐसे आते हैं संपर्क में

मारपीट और छिटपुट चोरी जैसे मामलों में जेल में बंद रहने के दौरान कुछ आरोपी नशा तस्करी नेटवर्क के संपर्क में आ जाते हैं। इसके बाद बाहर निकलकर तस्करी में शामिल हो जाते हैं। हेरोइन जैसे महंगे नशीले पदार्थ की तस्करी करने वाले गिरोहों के लिए ऐसे लोग कैरियर के तौर पर मुफीद साबित होते हैं। -दिनेश दाधीच, पूर्व लोक अभियोजक, एनडीपीएस कोर्ट

810 ग्राम हेरोइन बरामद

केसरीसिंहपुर (श्रीगंगानगर). गांव एक एक्स की 13 एसबी चक क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा चौकी कोहली और ग्राम पंचायत 2 एक्स के पास बीएसएफ ने रविवार रात 810 ग्राम हेरोइन का पैकेट बरामद किया है। इसके बाद बीएसएफ ने केसरीसिंहपुर पुलिस को सूचना दी और बरामद मादक पदार्थ पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बीएसएफ की सूचना के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हेरोइन के साथ दो भाई गिरफ्तार

अनूपगढ़. पुलिस और डीएसटी श्रीगंगानगर ने 511 ग्राम हेरोइन के साथ गुरमेल सिंह (22) और सर्वजीत सिंह (25) पुत्र सतनाम सिंह को गिरफ्तार किया है। दो सगे भाई हैं। आरोपी बाइक पर मादक पदार्थ की खेप लेकर जा रहे थे। पुलिस ने 5 के माइनर की पुलिया पर नाकाबंदी कर दोनों को पकड़ा। प्रारंभिक पूछताछ में हेरोइन के तार पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद क्षेत्र से जुड़े सामने आए हैं।

बड़ी खबरें

View All

हनुमानगढ़

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग