
Hanumangarh Couple Attempt Suicide: हनुमानगढ़ के पड़ोसी गांव चौटाला के संगरिया रोड स्थित जवाहर कॉलोनी की एक ढाणी में बुधवार शाम घरेलू कलह ने दर्दनाक रूप ले लिया। 35 वर्षीय सुभाष ने पत्नी सुनीता उर्फ ममता के साथ विवाद के बाद जहरीला पदार्थ निगल लिया। सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में सुनीता को पहले संगरिया अस्पताल और बाद में हनुमानगढ़ रेफर किया गया जहां वह वेंटिलेटर पर उपचाराधीन है।
घटना के समय घर में पांचों बच्चे मौजूद थे। माता-पिता की हालत बिगड़ती देख 12 वर्षीय बड़ा बेटा घबराकर करीब 5-6 किलोमीटर दूर खेतों में बने पड़ोसी रोहताश के घर तक दौड़ा। उसने चिल्लाकर कहा, 'अंकल, मेरे मम्मी-पापा को बचा लो।' सूचना मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और डायल 112 को सूचना दी।
खेत मालिक चुन्नी राम के पुत्र भी तत्काल ढाणी पहुंचे। उन्होंने देखा कि सुभाष की धड़कन बंद हो चुकी थी, जबकि महिला की सांसें चल रही थीं। बिना देर किए उसे निजी वाहन से संगरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार जहर खाने से पहले सुभाष ने दो छोटे बच्चों की पिटाई भी की जिससे उन्हें चोटें आई हैं। पुलिस ने बच्चों को संरक्षण में लेकर उनका उपचार करवाया है। दंपति के चार बेटे और एक बेटी हैं जिनमें सबसे बड़ा मात्र 12 वर्ष का है।
मृतक का साला संजय घटना के समय बड़े भांजे के साथ सामान लेने गांव गया था, लेकिन रास्ते में मोटरसाइकिल का पेट्रोल खत्म हो जाने से देरी हो गई। इसी बीच झगड़े की सूचना मिली। लौटने पर सुभाष मृत मिला और बहन बेसुध पड़ी थी।
सूचना मिलते ही थाना सदर प्रभारी शैलेंद्र कुमार, चौटाला चौकी प्रभारी सतपाल व पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को डबवाली के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।