
Hanumangarh Crime : हनुमानगढ़ के पीलीबंगा में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत शुक्रवार को पीलीबंगा पुलिस ने प्रथम बार बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस के दो चर्चित मामलों के आरोपियों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर थाना प्रभारी रायसिंह सुथार के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटाए।
थाना प्रभारी रायसिंह सुथार ने बताया कि पहली कार्रवाई में वर्ष 2023 के सात क्विंटल 20 किलो पोस्त बरामदगी प्रकरण में फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी वांछित गणेश उर्फ गनिया पुत्र रामसिंह जाट, निवासी लिखमीसर से जुड़े अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नशे के कारोबार से अर्जित धन से दुकानों के आगे बना अवैध चबूतरा और अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने ग्राम पंचायत भागसर निवासी संदीप सिंह पुत्र भादर सिंह राजपूत के खिलाफ कार्रवाई की गई। संदीप सिंह वर्ष 2023 में 60 किलो पोस्त बरामदगी के मामले में गिरफ्तार हुआ था। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा अतिक्रमण कर बनाई गई करीब 28 मीटर लंबी अवैध दीवार को हटाया गया।
थाना प्रभारी रायसिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा नशे के कारोबार में लिप्त लोगों पर कार्रवाई करने के साथ-साथ अपराध से अर्जित संपत्ति और उससे किए गए अवैध निर्माण व अतिक्रमण पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।
थाना प्रभारी रायसिंह ने बताया कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। शुक्रवार को की गई कार्रवाई में तहसीलदार रामनरेश मीणा, थाना प्रभारी राय सिंह, विकास अधिकारी विनोद रैगर, एसआई वीरचंद, राजेन्द्र कुमार, प्रशासक प्रतिनिधि सुभाष भादू, ग्राम विकास अधिकारी व पुलिस टीम उपस्थित रहे।
इससे पूर्व हनुमानगढ़ जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को अब नई दिशा देते हुए उनकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर कार्रवाई तेज कर दी है। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत टाउन थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर जसपाल उर्फ बिट्टू की करीब 28 लाख रुपए मूल्य की रिहायशी संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट के तहत फ्रीज कर दिया गया। पुलिस का दावा है कि यह मकान नशा तस्करी से अर्जित धन से बनाया गया था। इससे पहले भी जिले में कई नशा तस्करों के अवैध निर्माण ध्वस्त किए जा चुके हैं।