हनुमानगढ़

हनुमानगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: बैंक कर्मचारी की मौके पर हुई मौत, 4 साथी गंभीर घायल

Hanumangarh Accident: जानकारी के अनुसार एसबीआई की लाल चौक शाखा के पांच कर्मचारी कार में सवार होकर किसी निजी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक बैंक कर्मचारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
2 min read
Hanumangarh Accident
बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कार (फोटो-पत्रिका)

हनुमानगढ़। जिले से गुजर रहे मेगा हाईवे पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बैंक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा सतीपुरा बाइपास रोड स्थित एक होटल के पास हुआ, जहां बैंक कर्मचारियों से भरी कार सामने से आ रहे ट्रोले से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए मेगा हाईवे पर यातायात भी बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस एएसआई कैलाशचंद्र के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, वहीं क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर जोरदार थी, जिससे कार सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

एक ही कार में सवार होकर जा रहे थे सभी

प्राप्त जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित एसबीआई की लाल चौक शाखा के पांच कर्मचारी कार में सवार होकर किसी निजी समारोह में शामिल होने के लिए नोहर जा रहे थे। इसी दौरान सतीपुरा के पास विरासा होटल के सामने उनकी कार की सामने से आ रहे ट्रोले से भिड़ंत हो गई। हादसे में पीलीबंगा निवासी 23 वर्षीय शेषकरण सिंह पुत्र गोपीराम जाट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मनप्रीत सिंह, अरुण कुमार, देवेन्द्र कुमार और मुकेश कुमार निवासी हनुमानगढ़ घायल हो गए।

घायलों को जिला अस्पताल में किया गया भर्ती

घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही बैंक कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में उनके साथी घटनास्थल व अस्पताल पहुंच गए। शाम को पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।

ट्रोला चालक के खिलाफ मुकदमा हुआ दर्ज

पुलिस ने ट्रोला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है। एक्सीडेंट के बाद पुलिस ने आम लोगों से सड़क पर सावधानी पूर्वक वाहन चलाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से ओवर स्पीडिंग से बचने और यातायात नियमों के पालन करने की अपील की है।

Updated on:
19 Apr 2026 07:21 pm
Published on:
19 Apr 2026 07:21 pm
Also Read
View All