हनुमानगढ़

हनुमानगढ़ : इंदिरा गांधी नहर में बहे दो किशोरों के शव 40 घंटे बाद मिले, गांव में शोक की लहर

हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी क्षेत्र में इंदिरा गांधी फीडर नहर में बह गए दो किशोरों के शव करीब 40 घंटे बाद शनिवार को बरामद कर लिए गए। घटना के बाद से परिजन, ग्रामीण और गोताखोर लगातार दोनों की तलाश में जुटे हुए थे। शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
2 min read
hanumangarh News
टिब्बी सीएचसी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराते हुए (फोटो-पत्रिका)

हनुमानगढ़। जिले के टिब्बी क्षेत्र में इंदिरा गांधी फीडर नहर में नहाने गए दो किशोरों की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। गुरुवार दोपहर तेज बहाव में बह गए दोनों किशोरों की करीब 40 घंटे तक लगातार तलाश की जाती रही। परिजन, ग्रामीण और गोताखोर दिन-रात नहर किनारे उम्मीद लगाए बैठे रहे, लेकिन शनिवार सुबह घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर दोनों के शव बरामद हुए। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं।

जानकारी के अनुसार राजस्थान सीमा से सटे हरियाणा के गांव बणी के छह-सात किशोर गुरुवार दोपहर को बणी-सूरेवाला पुल के पास इंदिरा गांधी फीडर नहर में नहाने पहुंचे थे। सभी किशोर टिब्बी क्षेत्र में फीडर नहर की आरडी 619 के निकट पानी में उतरे थे। नहाने के दौरान अचानक दो किशोर तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते पानी में बह गए।

मोहित और मनीष की हुई मौत

घटना में लापता हुए किशोरों की पहचान बणी निवासी 16 वर्षीय मोहित पुत्र रोहिताश वाल्मीकि तथा 14 वर्षीय मनीष पुत्र राजकुमार वाल्मीकि के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि उनके साथ नहर में उतरे अन्य बालक सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन मोहित और मनीष को नहीं बचाया जा सका।

गोताखोरों को नहीं मिला सुराग

साथियों द्वारा परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों तथा ग्रामीणों की मदद से दोनों किशोरों की तलाश शुरू कराई गई। पिछले दो दिनों से लगातार नहर के आसपास निगरानी रखी जा रही थी और संभावित स्थानों पर खोज अभियान चलाया जा रहा था।

नहर में उतराते दिखे शव

शनिवार सुबह घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर नहर में दो शव उतराते हुए दिखाई दिए। नहर की निगरानी कर रहे ग्रामीणों ने तत्काल दोनों शवों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर टिब्बी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में भिजवाया।

पुलिस ने शव परिजनों को सौंपे

यहां मेडिकल बोर्ड की निगरानी में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। दोनों किशोरों की मौत से गांव बणी और आसपास के क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने भी इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त की है।

Updated on:
06 Jun 2026 08:28 pm
Published on:
06 Jun 2026 08:28 pm
Also Read
View All
Rajasthan Nikay Chunav : सभापति चुनाव से ठीक पहले MLA गणेशराज बंसल अरेस्ट, हनुमानगढ़ से बीकानेर के रास्ते में पुलिस ने किया था डिटेन, जानें पूरा मामला

पंजाब में पार्षदों को पकड़ने पहुंची पुलिस तो भड़की कांग्रेस, राजस्थान में थाने के बाहर धरने पर बैठे कार्यकर्ता

हनुमानगढ़ में सभापति चुनाव के बीच निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल समेत कई पर FIR, जानें क्या है मामला

Hanumangarh Nikay Result: हनुमानगढ़ में निर्दलीयों ने बीजेपी-कांग्रेस को पछाड़ा, 35 सीटों पर जमाया कब्जा

Hanumangarh : ‘वोट पहले ही पड़ चुका था’, नाराज मतदाता ने दर्ज कराई शिकायत, चुनाव अधिकारी ने दी टेंडर वोट की अनुमति