
तोड़फोड़ करती भीड़। फोटो- पत्रिका
सिरोही। आबूरोड के निकटवर्ती गिरवर गांव क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद शनिवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए गांव में कुछ संदिग्ध आरोपियों के घर पर हमला कर दिया। इस दौरान लाठियों और धारदार हथियारों से तोड़फोड़ की गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और रेवदर, मंडार तथा आबूरोड सदर थाना पुलिस का जाप्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाइश कर स्थिति को नियंत्रित किया तथा शांति बनाए रखने की अपील की।
यह वीडियो भी देखें
जानकारी के अनुसार हमले की आशंका लगते ही संबंधित परिवार के सदस्य पहले ही घर छोड़कर चले गए थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि घर पर तोड़फोड़ की घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। गौरतलब है कि शुक्रवार देर शाम गिरवर गांव क्षेत्र में गोदानाफली के पास एक खेत में 30 वर्षीय जगदीश पुत्र धरमा का शव बरामद किया गया था।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। परिजनों का आरोप है कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। इसी आशंका के चलते परिजन और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है। रिपोर्ट मिलने और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सिरोही के आबूरोड सदर थाना पुलिस के अनुसार युवक का शव बरामद होने के बाद उसे आबूरोड स्थित मोर्चरी में रखवाया गया है। मोर्चरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस लगातार परिजनों और ग्रामीणों के संपर्क में है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। सदर थाना आबूरोड के उप निरीक्षक भवानी सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से कानून हाथ में नहीं लेने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
Updated on:
06 Jun 2026 07:24 pm
Published on:
06 Jun 2026 07:24 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
