हनुमानगढ़

हनुमानगढ़ में फर्जी प्रमाण पत्रों का बड़ा खेल: हिंदू जोड़े का बना दिया निकाहनामा, 25 बर्थ सर्टिफिकेट NOC मिलीं फेक

फर्जी जन्म और विवाह प्रमाण पत्र जारी करने का बड़ा मामला सामने आया है। जांच में 25 जन्म प्रमाण पत्रों के लिए इस्तेमाल की गई एनओसी फर्जी पाई गई है और एक मामले में हिंदू जोड़े का निकाहनामा बनाकर विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र जारी करने का भी खुलासा हुआ है।
2 min read
Hanumangarh Fake Certificate
हनुमानगढ़ स्थित सां​ख्यिकी कार्यालय भवन का फोटो: पत्रिका

Fake Certificate Scam In Hanumangarh: हनुमानगढ़ जिले की टिब्बी नगर पालिका में फर्जी तरीके से जन्म और विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र तैयार करने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में नगरपालिका टिब्बी के तत्कालीन अधिशासी अधिकारी (ईओ) बृजेश सोनी और अन्य संविदा कर्मियों की सीधी मिलीभगत उजागर हुई है। ईओ सोनी का यहां 2 वर्ष से अधिक का कार्यकाल रहा है। हाल ही उनका तबादला हो गया लेकिन उनके पीछे छोड़े गए कारनामों की गूंज अब हनुमानगढ़ से लेकर जयपुर मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) तक पहुंची है। जिला प्रशासन ने ईओ सोनी के कार्यकाल के दौरान जारी सभी जन्म और विवाह प्रमाण पत्रों को संदेह के दायरे में रखा है।

सभी NOC मिली फर्जी

आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग और जिला प्रशासन की पड़ताल में अब तक 25 जन्म प्रमाण पत्र ऐसे मिले हैं जिनके लिए लगाए गए तहसीलदार के अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) फर्जी पाए गए। टिब्बी तहसीलदार ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि इन एनओसी पर उनके हस्ताक्षर नहीं हैं। इसके बाद संबंधित दस्तावेज की प्रमाणिकता पर सवाल खड़े हो गए हैं। तहसीलदार ने मामले में पुलिस को परिवाद देकर कार्रवाई की मांग भी की है।

चौंकाने वाली अनियमितताएं

जांच के दौरान विवाह पंजीयन से जुड़ी चौंकाने वाली अनियमितताएं भी सामने आई हैं। अधिकारियों के अनुसार कुछ मामलों में कूटरचित दस्तावेज के आधार पर विवाह प्रमाण पत्र जारी किए गए। इनमें एक ऐसा मामला भी सामने आया है, जिसमें हिंदू वर-वधू का निकाहनामा तैयार कर विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। इस खुलासे के बाद विभागीय अधिकारियों के साथ आमजन भी हैरान हैं।

संगठित गिरोह सक्रिय

जांच में जन आधार नंबरों में हेरफेर, रजिस्टरों में काट-छांट और अधिकार क्षेत्र से बाहर रहने वाले लोगों के जन्म, मृत्यु तथा विवाह पंजीकरण करने जैसे मामले भी सामने आए हैं। अधिकारियों को आशंका है कि यह काम किसी संगठित नेटवर्क के जरिए किया गया। मामले की जांच के लिए ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी मुकेश सैनी के नेतृत्व में समिति गठित की गई है। रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

NOC मिलीं फर्जी

  • 25 जन्म प्रमाण पत्र बनाने में जारी तहसीलदार की NOC मिलीं फर्जी।
  • 2 वर्ष का टिब्बी में रहा ईओ सोनी का कार्यकाल।
  • 7 दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है जांच दल को।

नगर पालिका टिब्बी के ईओ की ओर से जारी 25 जन्म प्रमाण पत्रों की जांच में तहसीलदार की एनओसी फर्जी पाई गई हैं। इस पूरे मामले की जांच को कमेटी गठित कर दी गई है। एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट देने के लिए पाबंद किया है। पूरी रिपोर्ट तैयार होने के बाद ही कार्रवाई के बारे में कुछ कह सकते हैं।
ममता बिश्नोई, उप निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग हनुमानगढ़

Updated on:
20 Jul 2026 07:26 am
Published on:
20 Jul 2026 07:26 am