हनुमानगढ़

Rajasthan News : पीलीबंगा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए होगा उप चुनाव, इस दिन होगी वोटिंग

Rajasthan News : पीलीबंगा नगर पालिका में अध्यक्ष पद को लेकर उप चुनाव 20 जनवरी को होंगे।

2 min read
Rajasthan Hanumangarh Pilibanga Municipality President Post By-election 20 January Voting

Rajasthan News : पीलीबंगा नगर पालिका में अध्यक्ष पद को लेकर उप चुनाव 20 जनवरी को होंगे। निर्वाचन आयोग की ओर से पीलीबंगा नगर पालिका में अध्यक्ष पद के उप चुनाव को लेकर तैयारियां प्रारंभ की जा चुकी हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पीलीबंगा नगर पालिका में 20 जनवरी को आयोजित होने वाले चुनावों को लेकर 13 जनवरी को लोक सूचना जारी कर दी जाएगी।

20 जनवरी प्रात: 10 से दोपहर 2 बजे तक होगा मतदान

14 जनवरी सुबह 10.30 से 3.00 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि, 15 जनवरी को नामांकन पत्रों की समीक्षा की जाएगी, 16 जनवरी को नाम वापसी की अंतिम तिथि होगी तथा इसी दिन चुनाव चिन्हों का आवंटन कर दिया जाएगा। 20 जनवरी प्रात: 10 से दोपहर 2 बजे तक मतदान करवाएं जाएंगे तथा मतदान समाप्ति के तुरंत बाद चुनाव परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी।

हरजिंदर सिंह पालिका अध्यक्ष मनोनीत

गौरतलब है कि पीलीबंगा नगर पालिका में विगत 18 जून 2024 को तत्कालीन पालिका अध्यक्ष सुखचैन सिंह रमाणा को अविश्वास प्रस्ताव के जरिए अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था। करीब दो माह तक अध्यक्ष पद रिक्त रहने के पश्चात 14 अगस्त 2024 को राज्य सरकार द्वारा वार्ड 6 के भाजपा पार्षद हरजिंदर सिंह को पालिका अध्यक्ष मनोनीत कर दिया गया था।

पार्षदों की मान मनुहार में जुटे उम्मीदवार

चुनाव आयोग की ओर से अध्यक्ष पद को लेकर चुनाव की तिथि की घोषणा करने के साथ ही अध्यक्ष बनने के लिए वर्तमान पालिकाध्यक्ष हरजिंद्र सिंह सहित अन्य भाजपा व कांग्रेस के पार्षद पार्टी सिंबल के लिए नेताओं की शरण में जा चुके हैं। अध्यक्ष बनने के इच्छुक पार्षद बड़े नेताओं की अप्रोच लगाकर मुख्य पार्टियों के सिंबल जुटाने के साथ पार्षदों की मान मनुहार में जुटे हुए है।

नगर पालिका गठन के पश्चात तीन बार हो चुका अविश्वास प्रस्ताव पारित

वर्ष 1982 में नगर पालिका बनने के पश्चात इस कार्यकाल में तीसरी बार पालिकाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हुआ है। जानकारी के अनुसार वर्ष 1995 से 2000 तक के कार्यकाल के दौरान भाजपा समर्थित पालिकाध्यक्ष चंदूराम कटारिया को 1997 में अविश्वास प्रस्ताव पारित कर पद से हटाया गया। उनके स्थान पर गंगाराम खटीक अध्यक्ष पद पर मनोनीत हुए।

2000 से 2005 तक के कार्यकाल में कांग्रेस समर्थित सुभाष गोदारा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश कर उन्हें पद से हटा दिया गया। उनके स्थान पर पृथ्वीराज भार्गव को अध्यक्ष पद पर मनोनित किया गया था। वर्तमान में कांग्रेस के पालिका अध्यक्ष सुखचैन रमाणा को अविश्वास प्रस्ताव पारित कर कुर्सी से हटाया जा चुका है।

Published on:
26 Dec 2024 02:18 pm