
राजस्थान निर्वाचन आयोग (File Photo)
Rajasthan By-election : राजस्थान निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के नगरीय निकायों में विभिन्न कारणों से रिक्त हुए पदों पर उपचुनाव के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचरण संहिता लागू हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सचिव संचिता बिश्नोई ने बताया कि राजस्थान के 11 जिलों बारां, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, चूरू, दौसा, धौलपुर, जालेर, गंगापुर सिटी, कोटा, श्रीगंगानगर एवं अनूपगढ़ के कुल 12 नगर निकायों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य के रिक्त पदों के लिए उपचुनाव होंगे।
संचिता बिश्नोई ने बताया कि सदस्य पद के उपचुनाव के लिए आज मंगलवार को लोक सूचना जारी कर दी गई है। नामांकन पत्रों को प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त, शनिवार प्रातः 10.30 बजे से अपराह्न 3 बजे तक है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 27 अगस्त को सुबह 10.30 बजे की जाएगी। वहीं 29 अगस्त, गुरुवार अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थी अपना नाम वापस ले सकेंगे। चुनाव चिह्नों का आवंटन 30 अगस्त शुक्रवार को किया जाएगा। 5 सितंबर गुरुवार को सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान किया जाएगा। वहीं 6 सितंबर शुक्रवार को सुबह 9 से मतगणना की जाएगी।
यह भी पढ़ें -
संचिता बिश्नोई ने बताया कि इसी प्रकार अध्यक्षीय पदों के लिए लोक सूचना सोमवार, 9 सितंबर को जारी की जाएगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि मंगलवार, 10 सितंबर सुबह 10.30 बजे से अपराह्न 3 बजे तक रहेगी। बुधवार, 11 सितंबर को सुबह 10.30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। गुरुवार 12 सितंबर अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी के तुरंत बाद 12 सितंबर, गुरुवार को ही चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। मतदान 17 सितंबर मंगलवार को सुबह 10 बजे से अपराह्न 2 तक होगा तथा मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।
संचिता बिश्नोई ने बताया कि उपाध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन की तिथि 18 सितंबर, बुधवार निर्धारित की गई है। इस दिन सुबह 10 बजे बैठक शुरू की जाएगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्रों का प्रस्तुतीकरण, सुबह 11.30 से नामांकन पत्रों की संवीक्षा और अपराह्न 2 तक नाम वापसी की जा सकेगी। आवश्यक होने पर अपराह्न 2.30 बजे से 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।
यह भी पढ़ें -
Updated on:
20 Aug 2024, 4:04 PM IST
Published on:
20 Aug 2024, 4:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.