हनुमानगढ़

Rajasthan: 13 नवंबर को मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगी पोलिंग पार्टियां, 14 और 16 नवंबर को चौथे चरण का होगा मतदान

राजस्थान में पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण का चुनावी कार्यक्रम अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है। चौथे चरण में 25 जिलों के 116 पंचायत समिति क्षेत्रों में चुनाव होंगे। 14 नवंबर को जिला परिषद-पंचायत समिति सदस्यों और 16 नवंबर को सरपंच-पंच पदों के लिए वोट डाले जाएंगे।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 9:25 PM IST
rajasthan panchayat election voting
Rajasthan Panchayat Election (पत्रिका फोटो)

हनुमानगढ़। राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के चौथे और अंतिम चरण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के 25 जिलों के 116 पंचायत समिति क्षेत्रों में होने वाले चुनाव के लिए मतदान दलों की रवानगी 13 नवंबर को होगी। इसके बाद 14 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान कराया जाएगा। वहीं, सरपंच और पंच पदों के लिए 15 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी और 16 नवंबर को मतदान होगा। चौथे चरण के साथ प्रदेश में पंचायत चुनाव की मतदान प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

चुनाव कार्यक्रम के तहत मतदान दलों को निर्धारित केंद्रों पर पहुंचाने, ईवीएम और मतपत्रों की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम तथा मतगणना केंद्रों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। हनुमानगढ़ जिले में भी प्रशासन ने चुनाव संबंधी गतिविधियां तेज कर दी हैं।

14 नवंबर को जिला परिषद-पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 14 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान ईवीएम के माध्यम से कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को निर्धारित संग्रहण केंद्रों पर जमा कराया जाएगा। इसके बाद इन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांगरूम में रखा जाएगा। इन पदों के लिए मतगणना 20 नवंबर को होगी।

हनुमानगढ़ जिले के संगरिया पंचायत समिति क्षेत्र में 27 ग्राम पंचायतों के लिए 102 मतदान केंद्र और एक सहायक मतदान केंद्र बनाया गया है। रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी जय कौशिक के अनुसार, 13 नवंबर को मतदान दलों को प्रशिक्षण देने के बाद ईवीएम और चुनाव सामग्री सौंपकर रवाना किया जाएगा।

15 नवंबर को सरपंच-पंच के लिए नामांकन

सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए 15 नवंबर को संबंधित पंचायत मुख्यालयों पर नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी। अभ्यर्थी सुबह 8 से 11 बजे तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। सुबह 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में शेष प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।

नामांकन के साथ जरूरी होंगे ये दस्तावेज

उम्मीदवारों को नामांकन पत्र के साथ उपाबंध-1क के तहत 50 रुपए के स्टांप पेपर पर प्रत्येक पृष्ठ स्वप्रमाणित कराकर नोटरी से प्रमाणित करवाना होगा। इसके अलावा प्रारूप-4घ, सांख्यिकी सूचना, स्वच्छ एवं क्रियाशील शौचालय संबंधी घोषणा और निर्धारित जमानत राशि की रसीद जमा करानी होगी।

आरक्षित सीटों पर चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को सक्षम स्तर से जारी जाति प्रमाण पत्र देना होगा। अदेय प्रमाण पत्र केवल उन्हीं अभ्यर्थियों के लिए जरूरी होगा, जिन्हें संबंधित संस्था की ओर से बकाया राशि का नोटिस जारी किया गया है। पुलिस वेरिफिकेशन, चरित्र प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और पैन कार्ड नामांकन के साथ जमा कराना अनिवार्य नहीं है।

16 नवंबर को पंच-सरपंच के लिए मतदान

सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए 16 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए ईवीएम का इस्तेमाल होगा, जबकि सरपंच और पंच के चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएंगे। पंच-सरपंच पदों की मतगणना मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन होगी।

बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष इंतजाम

प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाता सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की मदद के लिए स्काउट गाइड और स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। प्रशासन का जोर मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर है।

यह वीडियो भी देखें :