हनुमानगढ़

Rajasthan Road Accident: हनुमानगढ़ में भीषण हादसा, 5 लोगों की दर्दनाक मौत, बस के उड़े परखच्चे

Hanumangarh Road Accident: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
3 min read
हादसे के बाद ​क्षतिग्रस्त बस। फोटो: पत्रिका

Rawatsar Road Accident: हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिनमें से 5 घायलों को हनुमानगढ़ रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक हादसा सुबह 7 बजे रावतसर क्षेत्र में बरमसर के पास मेगा हाईवे पर हुआ। बस और ट्रोले की आमने-सामने की भिड़ंत में 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी सुभाष गोदारा और थाना प्रभारी ईश्वरानन्द पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

5 घायलों की हालत गंभीर

पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां से 5 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। सूचना मिलते ही एसडीएम संजय कुमार और पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली।

एसडीएम संजय अग्रवाल ने बताया कि रावतसर हॉस्पिटल में पहुंचने से पहले ही पांच लोगों की मौत हो गई थी। 5 लोगों की हालत गंभीर होने पर तुरंत ही हनुमानगढ़ रेफर किया गया। 7 लोगों का इलाज रावतसर हॉस्पिटल में जारी है।

बस और ट्रक का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

पुलिस के मुताबिक सवारियों से भरी निजी बस श्रीगंगानगर से जयपुर जा रही थी। तभी बरमसर के पास मेगा हाईवे पर ओवरटेक करते समय भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस और ट्रक का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

तीन मृतकों की हुई पहचान

हादसे में मारे गए 5 लोगों में से तीन मृतकों की पहचान हो चुकी है। हादसे में अजय बंसल पुत्र श्यामलाल बंसल, श्यामलाल, हरिराम पुत्र हनुमान प्रसाद की मौत हो गई। ये लोग हनुमानगढ़ टाउन के रहने वाले थे। पुलिस एक महिला और पुरुष के शव की पहचान के प्रयास में जुटी हुई है।

इनकी हालत गंभीर

1. सुमन पत्नी अमीत सोनी, उम्र 38 साल निवासी श्रीगंगानगर
2. महेन्द्र कुमार पुत्र जगदीश सुथार, उम्र 39 साल निवासी श्रीगंगागनर
3. आदित्य पुत्र अशोक कौशल, उम्र 17 साल
4. अरविन्द पुत्र हंसराज जाट, उम्र 38 साल निवासी लालगढ़ जाटान
5. रितु नागपाल पुत्र हरिश अरोड़ा, उम्र 40 साल निवासी वार्ड नंबर 18 दुर्गा कॉलोनी हनुमानगढ़ जंक्‍शन

    हादसे के बाद मची चीख पुकार

    हादसे के वक्त अधिकतर सवारियां सो रही थी। तभी तेज धमाके की आवाज से सवारियों की नींद खुल गई। ट्रक से टकराते ही बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायल लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया।

    मेगा हाईवे पर लगा लंबा जाम

    हादसे के बाद मेगा हाईवे पर लंबा जाम लग गया। करीब 2 घंटे तक वाहन चालक परेशान होते रहे। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाया। इसके बाद यातायात सुचारू करवाया।

    प्रत्यक्षदर्शी बोले- सड़क पर खड़ी थी सरसों से भरी दो ट्रॉलियां

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब सरसों से भरी दो ट्रॉलियां सड़क पर खड़ी थी। बस चालक ने इन्हें ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी सामने से आ रहे ट्रोले से बस की जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रोले के पीछे निकले बड़े डाले से बस सीधे टकरा गई, जिससे टक्कर बेहद भीषण हो गई।

    Also Read
    View All
    Rajasthan Nikay Chunav : सभापति चुनाव से ठीक पहले MLA गणेशराज बंसल अरेस्ट, हनुमानगढ़ से बीकानेर के रास्ते में पुलिस ने किया था डिटेन, जानें पूरा मामला

    पंजाब में पार्षदों को पकड़ने पहुंची पुलिस तो भड़की कांग्रेस, राजस्थान में थाने के बाहर धरने पर बैठे कार्यकर्ता

    हनुमानगढ़ में सभापति चुनाव के बीच निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल समेत कई पर FIR, जानें क्या है मामला

    Hanumangarh Nikay Result: हनुमानगढ़ में निर्दलीयों ने बीजेपी-कांग्रेस को पछाड़ा, 35 सीटों पर जमाया कब्जा

    Hanumangarh : ‘वोट पहले ही पड़ चुका था’, नाराज मतदाता ने दर्ज कराई शिकायत, चुनाव अधिकारी ने दी टेंडर वोट की अनुमति