Hanumangarh News: सुनसान जगह पर कार रोककर गुरचरण कौर का गला दबाकर हत्या कर दी तथा बाद में उसके शव को हरियाणा के गांव गौरी गंगा के पास इंदिरा गांधी नहर में फेंक दिया। जिसे बाद में दो अगस्त की रात को मसीतांवाली हैड से बरामद किया गया था।
Murder News: हनुमानगढ़ कस्बे के वार्ड 20 निवासी बुजुर्ग महिला गुरचरण कौर के शव के इंदिरा गांधी नहर में मिलने के मामले में संगरिया पुलिस ने महिला की हत्या के आरोप में रविवार को उसके पौत्री दामाद को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच कर रहे संगरिया थानाधिकारी धर्मपाल सिंह के अनुसार बुजुर्ग महिला गुरचरण कौर पत्नी सरजीत सिंह निवासी टिब्बी की हत्या के आरोप में उसके पौत्री दामाद संतपुरा निवासी मनजोत सिंह पुत्र जगतार सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
प्रारम्भिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतका दादी सास गुरचरण कौर उसके घरेलू मामलों में दखल दे रही थी। जिसके चलते उसके प्रति उसके मन में नाराजगी थी। जब गुरचरण कौर 30 जुलाई को उसकी पत्नी अमनजोत कौर को लेने टिब्बी से संतपुरा आ रही थी तो उसने उसकी हत्या की योजना बनाई तथा कार लेकर संगरिया आ गया। जहां पर उसने अपनी दादी सास गुरचरण कौर को संतपुरा चलने का कहकर कार में बिठाया तथा चौटाला बाइपास पर ले गया।
जहां पर उसने सुनसान जगह पर कार रोककर गुरचरण कौर का गला दबाकर हत्या कर दी तथा बाद में उसके शव को हरियाणा के गांव गौरी गंगा के पास इंदिरा गांधी नहर में फेंक दिया। जिसे बाद में दो अगस्त की रात को मसीतांवाली हैड से बरामद किया गया था। पुलिस ने हत्या व शव को खुर्द बुर्द के लिए उपयोग की गई कार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी से मामले के बारे में पूछताछ जारी है तथा अन्य लोगों की संलिप्तता के बारे में आरोपी से जानकारी ली जा रही है।
गुरचरण कौर पत्नी सरजीत सिंह 30 जुलाई की सुबह अपने घर से संगरिया तहसील के गांव संतपुरा अपनी विवाहित पोती को लेने के लिए गई थी लेकिन वह न तो अपनी पोती के घर पहुंची तथा न ही वापस अपने घर लौटी। जिसके बाद गुरचरण कौर के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी टिब्बी थाने में दी तथा उसकी तलाश शुरू की। महिला की तलाश के दौरान दो अगस्त की रात को उसका शव इंदिरा गांधी नहर से मसीतांवाली हैड से बरामद हुआ।
इस सम्बंध में शनिवार को मृतका के पुत्र गुरमेल सिंह पुत्र सुरजीत सिंह ने संगरिया थाने में अपने दामाद मनजोत सिंह, उसके पिता जगतार सिंह व मां मनप्रीत कौर के खिलाफ उसकी मां की हत्या कर शव को नहर में फेंकने का मामला दर्ज करवाया था। मामले में आरोप लगाया गया है कि उसकी पुत्री अमनजोत कौर की शादी के बाद उसका दामाद मनजोत सिंह, उसका पिता जगतार सिंह व मां मनप्रीत कौर दहेज में कार की मांग को लेकर उसकी पुत्री से मारपीट करते थे। जिसके चलते उसकी मां गुरचरण कौर अपनी पोती अमनजोत कौर को लेने 30 जुलाई को संतपुरा गई थी। जहां पर उसकी हत्या कर उसके शव को इंदिरा गांधी नहर में फेंक दिया गया।