Hapur: हापुड़ में सिटी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भंडा पट्टी में शुक्रवार शाम 5वीं कक्षा की 10 वर्षीय छात्रा के साथ 14 साल के नाबालिग ने छेड़छाड़ की। गली से गुजरते समय आरोपी ने बच्ची का हाथ पकड़कर उसे घसीटते हुए ले जाने की कोशिश की।
Hapur:हापुड़ में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां 5वीं कक्षा में पढ़ने वाली 10 साल की छात्रा के साथ एक नाबालिग लड़के ने छेड़छाड़ की। घटना सिटी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भंडा पट्टी की है। छात्रा शुक्रवार शाम अपनी दो सहेलियों के साथ गली से गुजर रही थी। इसी दौरान वहां पहले से घात लगाए खड़े 14 वर्षीय नाबालिग ने छात्रा का हाथ पकड़ लिया और उसे पीछे की ओर घसीटते हुए अपने साथ ले जाने की कोशिश की।
छात्रा ने साहस दिखाते हुए पास में लगे एक पिलर को पकड़ लिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। बच्ची की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, जिसके बाद आरोपी हाथ छुड़ाकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। शनिवार को जैसे ही CCTV फुटेज सामने आया, पुलिस हरकत में आ गई। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी भी नाबालिग है और पढ़ाई छोड़ चुका है। वह कुछ समय पहले पीड़िता के घर के सामने किराए के मकान में रहता था, लेकिन बाद में उसके पिता ने दूसरी जगह कमरा ले लिया था।
पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।