हापुड़

हापुड़ : खेत में मिला युवती का लहूलुहान शव, सिर पर ईंट से वार कर बेरहमी से हत्या

Body found in field Hapur: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के ग्राम उबारपुर के पास चरी के खेत में एक युवती का लहूलुहान शव मिलने से हड़कंप। सिर पर ईंट से वार कर बेरहमी से की गई हत्या, पुलिस ने शिनाख्त कर जांच शुरू की।

2 min read
Jun 16, 2026
hapur murder
पत्रिका फोटो

Hapur Murder Case:उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहां के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम उबारपुर में चितौली रोड के पास एक चरी के खेत में एक अज्ञात युवती का लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। वहीं, इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) ज्ञानंजय सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) विनीत भटनागर भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक (फील्ड) यूनिट के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और बारीकी से निरीक्षण किया।

सिर पर ईंट से वार कर उतारा मौत के घाट

बता दें कि शुरुआती पुलिस जांच और शव की स्थिति को देखकर यह मामला बेरहमी से की गई हत्या का लग रहा है। मृतका के सिर पर किसी भारी वस्तु या ईंट से ताबड़तोड़ वार किए जाने के गहरे और गंभीर निशान मिले हैं। पुलिस को शव के पास ही खून से सनी एक ईंट भी बरामद हुई है, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि इसी ईंट से हमला करके युवती की जान ली गई है।

काफी मशक्कत के बाद हुई शिनाख्त

शुरुआत में पुलिस को मृतका की पहचान करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस आसपास के थानों और हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्टों को भी खंगाल रही थी। हालांकि, घटनास्थल से मिले कुछ महत्वपूर्ण सुरागों की मदद से आखिरकार मृतका की शिनाख्त कर ली गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

मामले में पुलिस का बयान

अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) विनीत भटनागर ने इस घटना को लेकर कहा है कि थाना हाफिजपुर के ग्राम उबारपुर में शाम करीब 6:30 बजे एक चरी के खेत में युवती का शव बरामद हुआ था। प्राथमिक जांच से लगता है कि पास में पड़ी ईंट से सिर पर चोट पहुंचाकर यह हत्या की गई है। फील्ड यूनिट और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया है। कुछ अहम सुरागों के आधार पर युवती की पहचान हो चुकी है और परिजनों से संपर्क कर केस दर्ज कर लिया गया है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

ASP विनीत भटनागर ने बताया कि पुलिस के हाथ कुछ बेहद महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। हत्या की इस गुत्थी को सुलझाने और आरोपियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरी घटना का पर्दाफाश कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Updated on:
16 Jun 2026 11:19 am
Published on:
16 Jun 2026 11:14 am