8 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

हापुड़ की केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग: तेज धमाकों से गूंजा इलाका, दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं

Hapur Dhaulana Chemical Factory Fire: हापुड़ जिले में धौलाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की 3 फैक्ट्रियों को भी चपेट में ले लिया। दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।
2 min read
Google source verification
Hapur factory fire, Dhaulana factory fire, Hapur chemical factory fire news

हापुड़ की केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग (फोटो- X/@airnews_lucknow)

Hapur Dhaulana Chemical Factory Fire: हापुड़ जिले के धौलाना थाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी (UPSIDC) औद्योगिक क्षेत्र फेस-1 में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। केमिकल होने की वजह से आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने आसपास की 3 अन्य फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था जिससे पूरे इलाके में हड़कंप और दहशत का माहौल बन गया।

तेज धमाकों से मची अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक यह फैक्ट्री लाला घनश्यामदास की है और इसका नाम त्रिवेणी मेडिकेम बताया जा रहा है जहां केमिकल रीसाइकिलिंग का काम होता है। सुबह करीब 11 बजे अज्ञात कारणों से फैक्ट्री में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री के अंदर रखे केमिकल के ड्रमों में लगातार तेज धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे लोगों में अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे।

दमकल की 8 गाड़ियां बुझा रही आग

आग लगने की सूचना मिलते ही धौलाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की करीब 8 गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 108 एंबुलेंस भी मौके पर तैनात कर दी गई है। दमकलकर्मी आग बुझाने और उसे आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।

केमिकल के कारण बुझाने में आ रही दिक्कत

फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में केमिकल होने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी डालने पर केमिकल की वजह से आग और भड़क रही है। फिलहाल आग पर पूरी तरह से नियंत्रण नहीं पाया जा सका है और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। राहत की बात यह है कि पुलिस के अनुसार अभी तक इस घटना में किसी के भी हताहत होने की कोई खबर नहीं है। आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता आग बुझने के बाद ही चल सकेगा।