
यूपी ATS ने दो संदिग्ध को हिरासत में लिया (सांकेतिक फोटो- पत्रिका)
UP ATS Action Hapur Sherpur: स्वतंत्रता दिवस से पहले उत्तर प्रदेश एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (UP ATS) को बड़ी सफलता मिली है। यूपी के हापुड़ जिले में बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर स्थित कुरैशियान मस्जिद से शुक्रवार को सुरक्षा एजेंसी ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। जांच के दौरान पता चला कि दोनों युवक बाइक खड़ी करने के बाद मस्जिद में घुसे थे। थोड़ी ही देर बाद ATS की टीम मस्जिद में दाखिल हुई और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद टीम दोनों को अपने साथ लेकर मेरठ रवाना हो गई। मौके से एक संदिग्ध बाइक भी बरामद हुई है।
मस्जिद इंतेजामिया कमेटी के मुताबिक, दोनों युवक क्षेत्र के रहने वाले नहीं थे। वे बिना किसी पूर्व परिचय या सूचना के मस्जिद के अंदर दाखिल हुए थे। उन्होंने मस्जिद के बाहर अपनी बाइक खड़ी की और सीधे अंदर चले गए। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही हैं। उनके मस्जिद में आने के उद्देश्य, पहचान और हालिया गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों संदिग्ध युवक दाढ़ी और टोपी पहने हुए थे। लगभग 25 वर्ष की उम्र के दोनों मुस्लिम युवक सुबह के समय मेरठ नंबर की बाइक से आए थे। उन्होंने मस्जिद के बाहर बाइक खड़ी की और अंदर चले गए। हापुड़ पुलिस ने भी ATS की इस कार्रवाई की पुष्टि की है। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है। शेरपुर गांव में कुल तीन मस्जिदें हैं, जिनमें से बाकी दोनों में सीसीटीवी लगे हुए हैं, जबकि कुरैशियान मस्जिद में सीसीटीवी नहीं लगा था।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक 'फेयर एक्सपोर्ट्स' नामक बीफ फैक्ट्री में काम करते थे। हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्ति मूल रूप से उत्तर प्रदेश के ही रहने वाले हैं, जिनकी पहचान मोहम्मद समीर और सलमान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यूपी एटीएस की इस छापेमारी के दौरान कुछ संदिग्ध नक्शे भी बरामद हुए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों संदिग्ध सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से पाकिस्तान स्थित लोगों और चरमपंथी नेटवर्क से लगातार संपर्क में थे। हालांकि, मामले में सामने आई जानकारी और आधिकारिक पुष्टि को लेकर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है।
Updated on:
14 Aug 2026 03:01 pm
Published on:
14 Aug 2026 02:29 pm
