
Symbolic Image
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने ढाई साल के मासूम बच्चे को टॉफी का लालच देकर अपने साथ ले गया, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इतना ही नहीं, मासूम के होंठ को बीड़ी से दाग दिया गया और उसे किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश है, जबकि पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।
मामला हापुड़ देहात थाना क्षेत्र का है। पीड़ित बच्चे के पिता की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 18 जून को वह और उसकी पत्नी काम पर गए हुए थे। इसी दौरान उनका साढ़ू, जो हापुड़ नगर क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा का निवासी बताया जा रहा है, घर पहुंचा और टॉफी दिलाने के बहाने मासूम को अपने साथ ले गया।
शाम को जब बच्चा वापस घर पहुंचा तो उसके शरीर पर चोट के निशान थे। परिजनों के पूछने पर उसने बताया कि उसके साथ मारपीट की गई और उसके होंठ को बीड़ी से जला दिया गया। बच्चे की हालत देखकर परिवार के होश उड़ गए।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने बच्चे को बुरी तरह डराया-धमकाया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। मासूम की आपबीती सुनने के बाद परिवार ने तुरंत पुलिस से शिकायत की और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले की जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में एक व्यक्ति बच्चे को रिक्शे में बैठाकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपी की गतिविधियों और घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
मासूम के साथ कथित क्रूरता की इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। परिजन आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में किसी अन्य बच्चे के साथ ऐसी घटना न हो सके। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है।
Updated on:
21 Jun 2026 07:10 pm
Published on:
21 Jun 2026 07:10 pm
