हरदा

नवजात को लावारिस छोड़ने वाली युवती और उसकी मां पकड़ाई, हरदा पुलिस को बताई पूरी कहानी

Newborn Girl Abandoned Case : जिला अस्पताल के बाहर सड़क किनारे मिली नवजात बच्ची के मामले में पुलिस ने युवती और उसकी मां को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूछताछ में युवती और उसकी मां ने बच्ची को सड़क किनारे छोड़ने की वजह बताई है।
2 min read
• •
Updated: 23 Oct 2026, 4:35 PM IST
Newborn Girl Abandoned Case
पूछताछ के लिए युवती और उसकी मां को थाने लाई पुलिस (फोटो सोर्स: Patrika)

Harda News :मध्य प्रदेश के हरदा जिला अस्पताल के सामने चिकमंगलूर चौराहे के पास गुरुवार शाम एक नवजात बच्ची को सड़क किनारे लावारिस छोड़ने वाली युवती को उसकी मां के साथ पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बता दें कि, नवजात की सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी और बच्ची को सुरक्षित उठाकर जिला अस्पताल के बच्चों के आईसीयू में भर्ती करा दिया था। पुलिस ने अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक युवती और उसकी मां नवजात बच्ची को सड़क किनारे छोड़ते हुए नजर आई थी। फिलहाल, पुलिस मामले में जांच कर रही है।

CCTV फुटेज से हुई मां-बेटी की पहचान

लावारिस बच्ची के मिलने के बाद सिटी थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने अस्पताल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में युवती और उसकी मां नवजात बच्ची को सड़क किनारे रखते हुए नजर आईं। इसके बाद पुलिस ने जिला अस्पताल के रिकॉर्ड की जांच की। अस्पताल के रजिस्टर में युवती के नाम और बच्ची के जन्म से संबंधित जानकारी भी मिल गई पुलिस के अनुसार, युवती बच्ची को अस्पताल से लेकर जा चुकी थी। लेकिन, बाहर जाकर उसने बच्ची को सड़क किनारे छोड़कर चली गई।

मजदूरी के दौरान युवक से बने संबंध

अस्पताल के रिकॉर्ड से मिली जानकारी के बाद पुलिस सिराली पहुंची और युवती के साथ उसकी मां को पूछताछ के लिए सिटी थाने ले आई। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि, युवती की उम्र 24 वर्ष है और वो अविवाहित है। गांव में मजदूरी के दौरान गोविंद मर्सकोले नामक युवक से उसके संबंध बने थे, जिसके चलते वो गर्भवती हो गई। प्रसव पीड़ा होने पर उसकी मां ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। गुरुवार को युवती ने अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया।

समाज के तानों का अंदेशा, सड़क किनारे छोड़ गईं बच्ची

युवती द्वारा दिए बयान के मुताबिक, बच्ची के जन्म के बाद बीती शाम को वो अपनी मां के साथ उसे लेकर अस्पताल के बाहर तो आ गई, लेकिन अविवाहित होने के कारण समाज के तानों के अंदेशे के कारण नवजात बच्ची को सड़क किनारे छोड़कर घर चली गईं। युवती ने पुलिस को संबंधित युवक के बारे में जानकारी भी दी है।

युवती की सगाई हो हो चुकी

युवती की मां ने पुलिस को बताया कि, उसकी बेटी की सगाई भी हो चुकी है। ऐसे में ये घटनाक्रम सामने आने के बाद पुलिस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

युवक की तलाश में पुलिस

मामले में युवती और उसकी मां से पूछताछ के बाद पुलिस संबंधित युवक की भूमिका की पड़ताल में जुट गई है। वहीं, पुलिस युवक के घर भी पहुंची, जहां उसके ना मिलने के बाद उससे जुड़े लोगों से उसे पूछताछ के लिए थाने भेजने को कहा गया था। हालांकि, पुलिस के अनुसार, दोपहर तक गोविंद मर्सकोले थाने नहीं पहुंचा था। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और संबंधित लोगों की जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

नवजात ICU में भर्ती

फिलहाल, पुलिस ने नवजात बच्ची को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया हुआ है। बच्ची की आगे की देखभाल और मामले में नियमानुसार कार्रवाई के संबंध में अधिकारी जुटे हुए हैं।

Updated on:
23 Oct 2026, 4:35 PM IST
Published on: