हरदोई

कीचड़ में भागा, गिड़गिड़ाया पर रहम न आया, एक को माथे में मारी गोली, दूसरे को दौड़ाकर काट डाला, जानें हरदोई मर्डर की इनसाइड स्टोरी

Hardoi Double Murder: हरदोई के आटामऊ में लखनऊ के अभिषेक और उनके साथी अरुण की हत्या कर दी गई। कातिलों ने एक को गोली मारी तो दूसरे को धादाद हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। पढ़ें इस सनसनीखेज डबल मर्डर की पूरी इनसाइड स्टोरी।
2 min read
Jul 31, 2026
hardoi double murder abhishek arun murder case

Arun Chaurasiya Murder: सुबह के करीब 8 बजे। आटामऊ-तकिया मार्ग रोज की तरह शांत था। ओस की बूंदों के बीच कुछ राहगीर रास्ते से गुजर रहे थे। तभी उनकी नजर सड़क किनारे लावारिस हालत में खड़ी एक बाइक पर पड़ी। संदेह होने पर राहगीरों ने थोड़ा आगे बढ़कर देखा तो आंखें फटी की फटी रह गईं। बाइक से महज कुछ ही कदम दूर लहूलुहान हालत में दो शव पड़े थे। राहगीरों की सूचना पर यूपी 112 की गाड़ियां सायरन बजाती हुई मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तुरंत आसपास के ग्रामीणों को जुटाकर दोनों शवों की पहचान कराने की कोशिश शुरू की।

भीड़ से आई आवाज और खुल गई दोनों की पहचान

भीड़ में से अचानक एक आवाज आई, यह तो अरुण है। कछौना के रैंसो गांव का पिकअप चालक अरुण चौरसिया (30)। अरुण की पहचान होते ही दूसरे शव की भी शिनाख्त हो गई। वह था लखनऊ का शातिर क्रिमिनल और वजीरगंज से गैंग्स्टर एक्ट का आरोपी अभिषेक चौरसिया (26) था। अभिषेक का सिर कीचड़ में धंसा हुआ था, जबकि अरुण का शव सड़क किनारे ही पड़ा था। शुरुआती हालात देखकर पुलिस को आशंका है कि पहले अरुण की हत्या की गई और उसके बाद भागने की कोशिश कर रहे अभिषेक को भी हमलावरों ने मौत के घाट उतार दिया।

आइए जानते है क्या है पूरा मामला

लखनऊ के फैजुल्लागंज का 26 वर्षीय अभिषेक चौरसिया पिछले पंद्रह दिनों से कछौना कोतवाली क्षेत्र के रैंसो गांव में अपने मौसा कल्लू चौरसिया के घर रुका हुआ था। वहीं उसकी जान-पहचान गांव के ही 30 वर्षीय अरुण चौरसिया से हुई।अरुण पिकअप चलाता था। इन दिनों वह आटामऊ स्थित जल निगम के स्टोर से गांवों में पाइप सप्लाई करने का काम देख रहा था। परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह ठीक आठ बजे अभिषेक और अरुण एक ही बाइक पर सवार होकर घर से निकले। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। दोनों के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल बंद मिले।

पार्टी के बाद हत्या की आशंका

गुरुवार सुबह सड़क किनारे दोनों के शव की जानकारी मिली। खबर मिलते ही आईजी किरण एस, एसपी अशोक कुमार मीणा और भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल के पास से शराब की खाली बोतलें, गिलास और नमकीन के पैकेट बरामद हुए। इससे अनुमान है कि कत्ल की उस रात वहां पार्टी हुई थी। राहगीरों ने भी देर रात कुछ लोगों को देखा था, पर नशेड़ियों का जमावड़ा समझकर किसी ने ध्यान नहीं दिया।

जांच में दोनों के मोबाइल गायब मिले हैं। गुरुवार शाम आई पोस्टमार्ट रिपोर्ट के मुताबिक, अरुण के शरीर पर चोटों के नौ निशान मिले हैं। गोली बायें गाल को चीरकर माथे से निकली है। वहीं, अभिषेक के सिर पर धारदार हथियार के 7 वार हैं। उधर, पोस्टमार्टम में हुई देरी से आक्रोशित परिजनों ने हाईवे जाम करने का प्रयास भी किया, जिन्हें पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।

एसपी हरदोई अशोक कुमार मीणा ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि थाना संडीला क्षेत्र में तकिया-आटामऊ मार्ग पर दो व्यक्तियों के शव पड़े हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोनों मृतकों की पहचान अरुण चौरसिया और अभिषेक चौरसिया के रूप में हुई है। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी संडीला और अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों, तकनीकी सर्विलांस और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर जल्द ही घटना का सफल अनावरण किया जाएगा। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।"

Updated on:
31 Jul 2026 01:40 pm
Published on:
31 Jul 2026 01:26 pm