हरदोई

गंगा एक्सप्रेसवे के पास भीषण हादसा, बहन के तिलक में जा रहे दो ममेरे भाइयों की मौत

Hardoi Ganga Expressway accident:हरदोई के माधवगंज में बुधवार रात सेलापुर के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार ममेरे भाई बृजमोहन (26) और अजय (30) को टक्कर मार दी। बहन के तिलक को तपनौर जा रहे दोनों की मौके पर मौत हो गई।

2 min read
Apr 23, 2026
Feature image
सांकेतिक फोटो

हरदोई जिले में गंगा एक्सप्रेसवे के पास माधवगंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो ममेरे भाइयों की जान चली गई। सेलापुर मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना तेज था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतकों की पहचान बिलग्राम कोतवाली के गनीपुर निवासी बृजमोहन मिश्रा (26) और उनके ममेरे भाई अजय (30) के रूप में हुई। बृजमोहन खेती करते थे और परिवार में सबसे छोटे थे। परिजनों ने बताया कि बृजमोहन की बहन का तिलक बुधवार रात माधवगंज के तपनौर गांव में तय था। तिलक चढ़ाने के लिए बृजमोहन और अजय बाइक से तपनौर जा रहे थे।

रात करीब साढ़े नौ बजे जैसे ही वे गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर सेलापुर के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े। आसपास अंधेरा होने के कारण कुछ देर तक किसी को पता नहीं चला।

उसी समय रुदामऊ के प्रधान कृष्ण कुमार वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने सड़क किनारे दो युवकों को पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। माधवगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही गनीपुर में कोहराम मच गया। जिस घर में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

माधवगंज थाना प्रभारी के अनुसार, सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची थी। दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे को लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। हाईवे के सीसीटीवी और टोल प्लाजा की फुटेज खंगाली जा रही है। चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वही स्थानीय लोगों ने रात में सर्विस रोड पर स्ट्रीट लाइट न होने और वाहनों की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया है। उन्होंने प्रशासन से लाइट और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है।

Updated on:
23 Apr 2026 01:29 am
Published on:
23 Apr 2026 06:00 am