23 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भाई-भाई के झगड़े में खूनी खेल, गुस्से में फूंकी बाइक, तो जलती गाड़ी से लिपटकर छोटे भाई ने दे दी जान

Hardoi Crime News: यूपी के हरदोई में दिल दहला देने वाली घटना। बाइक के विवाद में बड़े भाई ने गाड़ी में आग लगाई, तो गुस्से में छोटे भाई ने खुद पर पेट्रोल डालकर जलती बाइक को गले लगा लिया। जानिए पूरा मामला...

2 min read
Google source verification
hardoi crime news, hardoi brothers fight

बड़े भाई ने गुस्से में फूंकी बाइक | फोटो सोर्स- X(@Chhotukingoffi1)

Hardoi Crime News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक ऐसी खबर आई है, जिसे सुनकर कोई भी दंग रह जाएगा। यहां सिर्फ एक मोटरसाइकिल को लेकर दो सगे भाइयों में ऐसा झगड़ा हुआ कि छोटे भाई की जान चली गई। बड़े भाई ने गुस्से में आकर बाइक में आग लगा दी, जिससे नाराज होकर 18 साल के छोटे भाई ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़का और जलती हुई बाइक से जाकर लिपट गया। बुरी तरह झुलसने के कारण अस्पताल में उसकी मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना अतरौली इलाके के नरोईया गांव की है।

नशे में बाइक मांगने पर शुरू हुआ था विवाद

नरोईया गांव के रहने वाले गंगाराम की गांव के पास ही एक छोटी सी दुकान है। उनके चार बेटों में 18 साल का निखिल सबसे छोटा था। इन दिनों गंगाराम तीर्थ यात्रा पर गए हुए हैं। जिसके कारण घर पर दुकान संभालने की जिम्मेदारी सबसे बड़े बेटे शेरू (30 साल) और सबसे छोटे निखिल पर थी। शुक्रवार की शाम को निखिल दुकान पर बैठा था, तभी उसका बड़ा भाई शेरू शराब के नशे में वहां पहुंचा। शेरू बाइक लेकर कहीं बाहर जाने की जिद करने लगा। निखिल ने देखा कि भाई बहुत नशे में है, इसलिए उसने एक्सीडेंट के डर से बाइक देने से मना कर दिया। निखिल ने कहा कि पापा ने नशे में बाइक देने से मना किया है।

गुस्से में बड़े भाई ने फूंकी बाइक, फिर शुरू हुआ खूनी खेल

बाइक न मिलने पर शेरू गुस्से से आगबबूला हो गया। उसने दुकान में बेचने के लिए रखा पेट्रोल उठाया और बाइक पर डालकर उसमें आग लगा दी। बाइक को जलता देख निखिल पानी लेकर आग बुझाने दौड़ा, लेकिन शेरू ने उसे रोक दिया। इसके बाद दोनों भाइयों में मारपीट शुरू हो गई। गुस्से में निखिल ने शेरू के सिर पर बाल्टी से वार कर दिया।

गुस्से में छोटे भाई ने उठाया खौफनाक कदम

बाइक के जलने और भाई के बर्ताव से निखिल इस कदर आहत और नाराज हुआ कि उसने दुकान से पेट्रोल की दो बोतलें उठाई और खुद पर उड़ेल ली। इसके बाद वह सीधे धू-धू कर जल रही बाइक के पास जाकर खड़ा हो गया। पल भर में आग ने निखिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने बताया कि जैसे ही निखिल को आग की लपटों में घिरा देखा, लोग उसे बचाने दौड़े। किसी तरह आग बुझाई गई, लेकिन तब तक निखिल बहुत बुरी तरह जल चुका था।

अस्पताल में तोड़ा दम, जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद बड़ा भाई शेरू ही निखिल को लेकर तुरंत अस्पताल भागा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने निखिल को मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस का कहना है कि अभी परिवार की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।