
Photo AI
Free Pilgrimage Scheme: जयपुर. राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग द्वारा संचालित “वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026” के तहत प्रदेश के लगभग 56 हजार वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क तीर्थ यात्रा का लाभ दिया जाएगा। इस योजना में 50 हजार वरिष्ठजनों को रेल मार्ग से तथा 6 हजार वरिष्ठजनों को हवाई मार्ग से देश-विदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी।
देवस्थान विभाग के अनुसार यह योजना राज्य सरकार की बजट घोषणा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान करना है। योजना के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिक आवेदन कर सकेंगे।
देवस्थान विभाग ने बताया कि शीघ्र ही आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इसकी विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर जारी की जाएगी। आवेदन से जुड़ी सभी सूचनाएं एवं अपडेट विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध रहेंगी।
देवस्थान विभाग राजस्थान
इस योजना में देशभर के 15 प्रमुख आस्था स्थलों को शामिल किया गया है, जहां वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क यात्रा कराई जाएगी। इसके अलावा हवाई मार्ग से विशेष रूप से नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर की यात्रा का भी प्रावधान रखा गया है, जो इस योजना का प्रमुख आकर्षण है।
अतिरिक्त आयुक्त देवस्थान विभाग के अनुसार, योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदक का राजस्थान का मूल निवासी होना अनिवार्य है। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन एवं ई-मित्र केंद्रों के माध्यम से की जाएगी। आवेदक को जन आधार कार्ड, स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, आयकरदाता न होने का स्व-घोषणा पत्र, मतदाता पहचान पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
इस योजना की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि यात्रियों का चयन पूरी तरह पारदर्शी तरीके से लॉटरी प्रणाली द्वारा किया जाएगा, जिससे सभी पात्र आवेदकों को समान अवसर मिल सके। चयनित यात्रियों को यात्रा के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी।
देवस्थान विभाग ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि एवं अन्य दिशा-निर्देश जल्द ही जारी किए जाएंगे, जिसके बाद इच्छुक वरिष्ठ नागरिक आवेदन कर सकेंगे। इस योजना से हजारों वरिष्ठ नागरिकों का तीर्थ दर्शन का सपना पूरा होगा और उन्हें आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होगा।
Updated on:
18 May 2026 01:29 pm
Published on:
18 May 2026 01:29 pm
