
Hardoi Viral News:हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां प्रेम संबंधों से जुड़े विवाद के बीच एक युवक और एक विवाहिता के शव करीब एक किलोमीटर की दूरी पर अलग-अलग पेड़ों से लटके मिले। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अरवल थाना क्षेत्र के हैदराबाद मजरा उमरौली जैतपुर निवासी जनवेश राजस्थान में मजदूरी करता था। गांव की ही एक विवाहिता से उसका प्रेम संबंध होने की चर्चा थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 8:30 बजे महिला का देवर जनवेश के घर पहुंचा और इस संबंध को लेकर शिकायत की। इसके बाद जनवेश नाराज होकर घर से निकल गया। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
शुक्रवार सुबह जब किसान खेतों की ओर गए तो उन्होंने जनवेश का शव जामुन के पेड़ से चारपाई के बान के सहारे लटका देखा। उसके जूते-चप्पल पेड़ के नीचे रखे थे, जबकि मोबाइल फोन उसकी जेब में ही मिला। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिवार और पुलिस को दी।
इसी बीच गांव में एक और चौंकाने वाली खबर फैल गई। जनवेश के शव से करीब एक किलोमीटर दूर विवाहिता का शव भी गूलर के पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। यह सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों के अनुसार, विवाहिता की शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी। उसका मायका भी इसी गांव में है। वहीं जनवेश अविवाहित था और तीन भाइयों व एक बहन में तीसरे नंबर पर था।
घटना की सूचना मिलने पर अरवल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।