
महिला पर पति को जहर देने का आरोप (AI Image)
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से रिश्ते को तार-तार कर देने वाली खबर सामने आई है। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में शादी के सिर्फ सात महीने बाद एक नवविवाहिता पर अपने जीजा से अवैध संबंधों के चलते पति को खाने में जहर देने का आरोप लगा है। कोतवाली क्षेत्र के धांधामऊ गांव का यह मामला है। 28 साल का संगम कुमार कानपुर की एक लड़की से शादी करके घर लाया था। शादी 24 नवंबर 2025 को हुई थी। संगम का आरोप है कि शादी से पहले ही उसकी पत्नी के उसके दो सगे साढ़ुओं मनोज कुमार और उमाशंकर से अवैध संबंध थे।
संगम ने कई बार पत्नी को समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। उल्टा नाराजगी बढ़ती गई। आखिरकार 7 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे पत्नी ने खाना बनाया और उसमें जहर मिलाकर पति को खिला दिया। खाना खाते ही संगम की तबीयत बिगड़ने लगी। ठीक उसी समय दोनों साढ़ू भी पहुंच गए। उन्होंने संगम की पिटाई की और पत्नी को साथ लेकर भाग गए।
परिवार वालों ने संगम को तुरंत हरदोई मेडिकल कॉलेज ले जाकर भर्ती कराया। उसकी हालत काफी गंभीर थी। 7 जुलाई दोपहर से लेकर अगले दिन सुबह तक वह अस्पताल में रहा। इलाज के बाद किसी तरह जान बच गई, लेकिन अभी भी दवाइयां चल रही हैं। पति ने आरोप लगाया कि शादी से पहले उसकी पत्नी के अपने सगे जीजा मनोज कुमार और उमाशंकर से अवैध संबंध थे। जब पति को इसके बारे में पता चला तो पत्नी को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। पति अवैध संबंधों में रोड़ा बन रहा था ऐसे मे तीनों ने मिलकर उसको रास्ते से हटाने की साजिश रखी। योजना के तहत खाने में जहर देकर पति को मारना चाहती थी।
संगम ने पहले थाने में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आखिर में उसे एसपी अशोक कुमार मीणा के पास जाना पड़ा। एसपी के आदेश पर 21 दिन बाद यानी हाल ही में पत्नी और दोनों साढ़ुओं के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी सच सामने आएगा, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
29 Jul 2026 06:15 pm
Published on:
29 Jul 2026 05:33 pm
