28 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Mau News: जेल से प्रेमी को छुड़ाने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, एक घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

Mau Police: मऊ के रतनपुरा कस्बे में उस समय हड़कंप मच गया, जब अपने प्रेमी को जेल से छुड़ाने की मांग को लेकर एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब एक घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने समझा-बुझाकर युवती को सकुशल नीचे उतारा और पूछताछ के लिए थाने ले गई।
2 min read
Google source verification

मऊ

image

Abhishek Singh

Jul 28, 2026

Pc: Patrika

टावर पर चढ़ी लड़की

Mau News: मऊ जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र स्थित रतनपुरा कस्बे में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अपने प्रेमी को जेल से रिहा कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर हलधरपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे तक चले समझाने-बुझाने के प्रयास के बाद युवती को सकुशल नीचे उतार लिया गया।

पुलिस के प्रयास से उतरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि उसका ननिहाल मऊ जिले के रतनपुरा कस्बे में है। मंगलवार को वह अचानक कस्बे में स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। काफी देर तक वह टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युवती से लगातार बातचीत करती रही।

बताया जा रहा है कि युवती का रतनपुरा निवासी विशाल पासवान के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी और कुछ समय पहले दोनों घर से साथ चले गए थे। इस मामले में बलिया जिले के नगरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताया जा रहा है कि युवक के जेल जाने के बाद युवती मानसिक रूप से परेशान थी और वह लगातार उसे रिहा कराने की मांग कर रही थी। इसी मांग को लेकर उसने मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध जताया।

एक घंटे तक चला हाई बोल्टेज ड्रामा

करीब एक घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक युवती से बातचीत की। उसे समझाया गया कि उसकी बात कानूनी प्रक्रिया के तहत सुनी जाएगी और इस तरह अपनी जान जोखिम में डालना किसी समस्या का समाधान नहीं है। काफी समझाने के बाद युवती टावर से नीचे उतरने के लिए राजी हो गई। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।

घटना के बाद पुलिस युवती को हलधरपुर थाने लेकर आई, जहां उससे पूछताछ की गई। साथ ही उसके परिजनों को भी सूचना देकर थाने बुलाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवती की काउंसलिंग भी कराई जा सकती है।

क्षेत्राधिकारी दिनेश दत्त मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि युवती का प्रेमी एक मामले में जेल में बंद है। उसे छुड़ाने की जिद में युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। फिलहाल युवती से पूछताछ की जा रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।