Hardoi Crime News:हरदोई के बावन बस स्टॉप के पास खेत में एक अज्ञात किशोरी लहूलुहान हालत में मिली। दुष्कर्म के बाद उसे मृत समझकर फेंकने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने किशोरी को अस्पताल में भर्ती कर जांच शुरू कर दी है।
हरदोई जिले के बावन थाना क्षेत्र के अंतर्गत बस स्टॉप के पास एक खाली पड़े खेत में एक अज्ञात महिला की मरणासन्न हालत में मिली है। महिला के शरीर पर गहरे जख्म हैं और वह खून से लथपथ थी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। आशंका जताई जा रही है कि।महिला के साथ दरिंदगी करने के बाद उसे मृत समझकर हमलावर वहाँ फेंक कर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने दुष्कर्म की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी मिल पाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार, बावन बस स्टॉप के पास स्थित एक सुनसान खेत से ग्रामीणों ने किसी के कराहने की आवाज सुनी। जब लोग पास पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। एक महिला खून से सने कपड़ों में तड़प रही थी। उसकी हालत इतनी गंभीर थी कि वह कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया।
महिला की गंभीर हालत को देखते हुए ग्रामीणों ने दुष्कर्म की आशंका जताई है। आशंका है कि अपराधियों ने घटना कहीं और अंजाम दी और पहचान छुपाने या साक्ष्य मिटाने के लिए उसे सुनसान खेत में फेंक दिया। पुलिस ने महिला को तुरंत उपचार के लिए भेजा है और उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि थाना लोनार क्षेत्र में एक महिला के घायल अवस्था में मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। महिला को प्राथमिक उपचार के लिए सीएससी में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पूछताछ में महिला अपनी पहचान या घटना के संबंध में कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके और महिला की पहचान सुनिश्चित की जा सके।