हरदोई

अमित यादव की शतकीय पारी क्रिकेट मैत्री मैच में रचा इतिहास, 28 गेंदों में बनाए 125 रन

जिले के इकलौते स्पोर्ट्स स्टेडियम में मीडिया एकादश व पुलिस एकादश की टीम के मध्य मैत्री मैच का आयोजन किया गया।
2 min read
• •
Updated: 2 Apr 2018, 9:48 AM IST
hardoi

हरदोई. जिले के इकलौते स्पोर्ट्स स्टेडियम में मीडिया एकादश व पुलिस एकादश की टीम के मध्य मैत्री मैच का आयोजन किया गया। दोनों टीमों के बीच खेले गये मैत्री मैच में जिले के प्रतिभावान क्रिकेटर अमित यादव नें मीडिया टीम की ओर से मैच खेला । अमित यादव ने 21 गेंदों मे ताबड़तोड़ शतक जड़ते हुए 28 गेंदों में 125 रन की नाबाद पारी खेली। अमित यादव ने अपनी पारी के दौरान 14 छक्के व पांच चौके भी लगाये। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पत्रकार एकादश की टीम ने अमित यादव की शतकीय पारी व रंजीत सिंह के 32 रन के योगदान की बदौलत 15 ओवर में 217 रन का स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस एकादश की टीम 3 विकेट खोकर 164 रन ही बना सकी जिस में आसिफ ने सर्वाधिक 58 रन बनाए। अमित यादव ने धुंआधार बैटिंग का प्रदर्शन करने के बाद पुलिस इलेवन के 2 विकेट भी लिए जिसके चलते अमित यादव को मैच के मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। अमित के धुंआधार शतक की बदौलत पहली बार पत्रकार एकादश की टीम ने पुलिस एकादश को हराने में सफलता हासिल की है। पत्रकार एकादश की कप्तानी देवेंद्र सिंह बबलू व पुलिस एकादश टीम की एसपी विपिन कुमार मिश्र ने की।


डीएम पुलकित खरे और एसपी विपिन मिश्र ने की तारीफ
क्रिकेटर अमित यादव के खेल की डीएम पुलकित खरे व एसपी विपिन कुमार मिश्र नें तारीफ करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। डीएम पुलकित खरे नें कहा कि आईपीएल शुरू होने से पहले ही अमित यादव ने अपनी बल्लेबाजी से हरदोई के लोगों को आईपीएल का मजा दिला दिया। एसपी विपिन मिश्र ने कहा कि अमित यादव एक होनहार है कामयाबी की मंजिल उन्हें जरूर मिलेगी ।

मैच के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट वंदिता श्रीवास्तव, एएसपी ज्ञानंजय सिंह, सीओ सिटी विजय कुमार राना, शहर कोतवाल संजय मौर्या, पिहानी कोतवाली प्रभारी श्यामबाबू शुक्ला, रेलवेगंज चौकी प्रभारी जावेद खान, लालपालपुर चौकी प्रभारी राहुल सिंह सिसोदिया, एसआई अभिलाष यादव, जेल चौकी प्रभारी राहुल द्विवेदी, वरिष्ठ पत्रकार अजीत अवस्थी, प्रशांत पाठक, सुधांशु मिश्रा, अखिलेश सिंह, आलोक सिंह, आमिर किरमानी, रंजीत सिंह, फैजी खान, विनोद वर्मा , राम श्रीवास्तव, आदर्श त्रिपाठी, मोनू भंडारी, सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी व बड़ी संख्या में पत्रकार व पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

कोच सूर्य प्रताप के साथ अमित ने कहा थैंक्स पत्रिका

स्थानीय स्तर पर क्रिकेट कोचिंग देने वाले सूर्य प्रताप सिंह और क्रिकेटर अमित यादव ने पत्रिका tv और समाचार पत्र को धन्यवाद देते हुए कहा कि जब 21 जनवरी को उनकी पत्रिका पर खबर आई तो उनका हौसला और अधिक बढ़ गया ।

Published on: