
हाथरस। जिले में सरकारी महकमे में कार्यरत ज्यादातर जिला स्तरीय अधिकारी नजदीकी जनपदों में रहकर यहां हाथरस जिले में नौकरी कर रहे हैं। यह अधिकारी अधिकांश सुबह लेट आते हैं और शाम को जल्दी निकल जाते हैं, जिसको देखते हुए यहां जिलाधिकारी डॉ रमा शंकर मौर्य ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को जिला मुख्यालय पर रहने के निर्देश दिये हैं। जिलाधिकारी ने कहा है कि प्रायः देखने में आ रहा है कि काफी अधिकारी जिला मुख्यालय पर न रह कर अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कासगंज एवं अन्य जनपदों से प्रतिदिन आते-जाते हैं। यह स्थिति आपत्तिजनक होने के साथ-साथ अत्यन्त खेदजनक है तथा शासन की मंशा के विपरीत है।
बिना अनुमति जिला छोड़ने पर होगी कठोर कार्रवाई
उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जो अधिकारी अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन जिला मुख्यालय पर रहकर नहीं कर रहें है, वह तत्काल जिला मुख्यालय पर आवासित होना सुनिश्चित करें तथा अपने आवास का पूर्ण पता तीन दिवस में उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही भविष्य के लिए सचेत करते हुए समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया जाता है कि बिना जिलाधिकारी की अनुमति के मुख्यालय न छोडे़ं, यदि अपरिहार्य कारणों से मुख्यालय छोड़ना आवश्यक हो तो लिखित अनुमति अवश्य प्राप्त कर लें। यदि भविष्य में कोई भी अधिकारी बिना अनुमति के मुख्यालय से अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके विरूद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लायी जायेगी।
अधिकारियों में खलबली
डीएम के इस फरमान के बाद यहां जिला स्तरीय अधिकारियों में खलबली मची हुई है, कई अधिकारियों ने तो अपने लिए आवास ढूंढ़ने शुरू कर दिए हैं, ताकि जिलाधिकारी द्वारा दिए गए समय में पूरे पते को उपलब्ध कराया जा सके।