
हाथरस। जिले के सासनी कोतवाली के गांव बत्तीसा में अपने भाई के ही खाली पड़े प्लॉट से एक डलिया मिट्टी लेना, दूसरे भाई को भारी पड़ गया। प्लॉट मालिक भाई ने मिट्टी के लिए अपने भाई को गोली मार दी मगर खुद का पुत्र बीच में आ गया जिसकी बांह में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल पुत्र को उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा है। वहीं फायर करने वाले भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला
कोतवाली क्षेत्र के गांव बत्तीसा में हरिओम और धर्मपाल पुत्रगण राजपाल सगे भाई हैं। धर्मपाल ने गांव में अपने भाई हरिओम के खाली पड़े प्लाट से एक डलिया मिट्टी खोद ली और अपने घर ले गया। इसे लेकर हरिओम का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया। हरिओम ने पहले तो अपने भाई को भला बुरा कहा तो इस पर दोंनों में विवाद हो गया। जब हरिओम का गुस्सा और बढ़ा तो हरिओम अपने घर में रखा अवैध तमंचा (पौनियां) निकाल लाया और धर्मपाल की ओर तानकर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। इसी दौरान हरिओम का पुत्र अनिल बीच बचाव करने बीच में आ गया। तमंचे से निकली गोली भाई को न लगकर खुद के पुत्र अनिल कुमार की बांह में जा लगी।
घायल को भेजा उपचार के लिए अलीगढ़
गोली लगते ही झगड़े के दौरान मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई उधर गोली लगने से लहूलुहान अनिल जमीन पर गिर गया। हरिओम जब तक भाग पाता ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया और उसके हाथ से तमंचा छीन लिया। ग्रामीणों ने 100 नंबर डायल कर घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर गांव पहुंची जहां हरिओम को कोतवाली ले आई। तथा ग्रामीणों और परिजनों के सहयोग से घायल को उपचार के लिए अलीगढ़ भिजवाया।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
पुलिस ने मौके से एक तमंचा 315 बोर तथा दो कारतूस जिंदा और एक खोखा नाल में फंसा हुआ बरामद किया है। पुलिस ने हरिओम के खिलाफ जान से मारने की नियत से फायर करने का अभियोग पंजीकृतकर जेल भेजा है।