
हाथरस। योगी सरकार में अपराधियों के हौसले दिन पर दिन बढ़ते जा रहे हैं, हाथरस में एक सप्ताह के दौरान बदमाशों ने पेट्रोल पम्प पर फायरिंग के बाद लूट की दो वारदातों अंजाम दिया है। जिसके बाद से पेट्रोल पम्प संचालकों में भय व्याप्त है। ऐसा ही वाकय फिर थाना सिकंदराराऊ के अगसौली क्षेत्र में मथुरा बरेली राजमार्ग पर हुआ है। जहां पर बाइक सवार हथियार बंद बदमाशों ने दिनदहाड़े पेट्रोल पम्पकर्मी की गोली मार कर हत्या कर दी और कैश से भरा थैला लूट कर आराम से फरार हो गए।
बैंक में जा रहे थे कैश जमा करने
हाथरस में लूट की जिस तरह से ताबड़ तोड़ घटनाएं हो रही हैं, उससे ऐसा लगता है कि बदमाशों में हाथरस पुलिस का कोई खौफ ही नहीं रहा है। ताजा मामला सिकंदरा राऊ थाना क्षेत्र के अगसौली का है। नितांशू फिलिंग स्टेशन का पम्प मैनेजर राजू खान और एक कर्मी अली पम्प का कैश लेकर बैंक में जमा करने जा रहे थे, जैसे यह लोग अगसौली चौकी से 200 मीटर आगे पहुंचे तभी पीछे से आये तीन पल्सर सवार हथियार बंद बदमाशों ने ओवरटेक कर इनको रोक लिया, पीछे बैठे पम्प मैनेजर राजू खान को गोली मार दी और लाखों रुपयों से भरा थैला लूट कर फरार हो गए।
पुलिस की पकड़ से अभी दूर अपराधी
इस बात की जानकारी दूसरे पेट्रोल पम्प कर्मी द्वारा पुलिस को दी गई। हत्या कर कैश लूटने की जानकारी पर पुलिस प्रसाशन में भी हड़कंप मच गया और एसपी, एएसपी, हाथरस एसओजी टीम और कई थानों की फ़ोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और बदमाशों की तलाश में टीमों को दौड़ा दिया गया, लेकिन जब तक बदमाश फरार हो चुके थे। फ़िलहाल एसपी घुले सुशील चंद्रभान बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की बात कह रहे हैं।