11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मिशन-2027 के लिए बसपा की बड़ी तैयारी, सादाबाद में आकाश आनंद का पहला दौरा, क्या पार्टी करेगी प्रत्याशी के नाम का ऐलान?

Akash Anand: बसपा ने चुनाव की तैयारियों का आगाज कर दिया है। आकाश आनंद सादाबाद में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में करीब10 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा है। सम्मेलन में बसपा प्रत्याशी के नाम के ऐलान की भी चर्चा हो सकती है।
2 min read
Google source verification

हाथरस

image

Ankit Sai

Aug 10, 2026

मायावती और आकाश आनंद फोटो सोर्स BSP

मायावती और आकाश आनंद फोटो सोर्स BSP

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपना चुनावी अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बसपा के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद सोमवार को हाथरस के सादाबाद पहुंचेंगे। यहां वह विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पार्टी इस कार्यक्रम को मिशन-2027 की शुरुआत के तौर पर देख रही है। सम्मेलन में करीब 10 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा किया जा रहा है। वहीं सादाबाद विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी के नाम के ऐलान को लेकर भी सियासी चर्चाएं तेज हैं।

पहली बार सादाबाद पहुंचेंगे आकाश आनंद

आकाश आनंद का सादाबाद में यह पहला दौरा है। इससे पहले लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान उन्होंने हाथरस में चुनावी सभा को संबोधित किया था। अब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच उनका सादाबाद दौरा बसपा की नई रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

बसपा सुप्रीमो के भतीजे और पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद इस सम्मेलन के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनावी अभियान का आगाज करेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव की तैयारियों के लिए दिशा देने के साथ संगठन को मजबूत करने का संदेश भी दिया जाएगा।

उत्सव गार्डन में होगा सम्मेलन

सादाबाद के कूपा मार्ग स्थित उत्सव गार्डन में होने वाले इस सम्मेलन को लेकर बसपा कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे हैं। मंच, पंडाल, प्रवेश व्यवस्था और कार्यकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। रविवार को बसपा के पूर्व राज्यसभा सांसद और अलीगढ़ मंडल के मुख्य प्रभारी बाबू मुनकाद अली ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंच, पंडाल, प्रवेश द्वार और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

प्रत्याशी के नाम पर भी नजर

सादाबाद विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि आकाश आनंद सम्मेलन के मंच से प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर सकते हैं। पार्टी के अंदर डॉ. अविन शर्मा का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में बताया जा रहा है। हालांकि बसपा की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

पिछले चुनाव में तीसरे नंबर पर रही थी बसपा

सादाबाद विधानसभा सीट पर पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा तीसरे स्थान पर रही थी। ऐसे में पार्टी इस बार यहां अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है। सादाबाद सम्मेलन को इसी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। बसपा जिलाध्यक्ष राजकपूर के अनुसार, सम्मेलन में करीब 10 हजार कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है। इसके लिए जिला स्तर की टीम गांव-गांव संपर्क अभियान चला रही है। विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों से कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में पहुंचाने की जिम्मेदारी भी दी गई है।

युवा कार्यकर्ताओं पर फोकस

आकाश आनंद के जरिए बसपा युवा कार्यकर्ताओं तक पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रही है। मिशन-2027 में पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और पुराने जनाधार को फिर से सक्रिय करना है। यह सम्मेलन बसपा के लिए चुनाव से पहला बड़ा शक्ति प्रदर्शन होगा।